- Hindi News
- National
- महू के लिए 450 बसें कब्जे में ली, इनमें 50 रूट बसें, अाज यात्री होंगे परेशान
महू के लिए 450 बसें कब्जे में ली, इनमें 50 रूट बसें, अाज यात्री होंगे परेशान
डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शनिवार को महू में होने वाले कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन के आदेश पर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को 450 बसों का अधिग्रहण किया। इनमें 50 रूट पर चलने वाली यात्री बसें हैं। बसों को कब्जे में लेकर शुक्रवार शाम दशहरा मैदान में खड़ा किया गया। यहां से कुछ बसें सांवेर और देपालपुर रवाना की गईं, जो सुबह अनुयायियों को लेकर महू जाएंगी। कुछ बसें महू भी भेजी गई हैं, जो महू के आसपास के क्षेत्रों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लेकर आएंगी। वहीं कुछ बसें सुबह इंदौर से संचालित की जाएंगी। मार्ग पर चलने वाली जिन बसों को कब्जे में लिया गया है, उनके नहीं चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आरटीओ जितेंद्र रघुवंशी ने बताया कि यात्री बसें ऐसे रूट्स से ली गई हैं, जिन पर पहले से कई बसें चलती हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत न हो। वहीं इन बसों का इस्तेमाल सबसे आखिर में जरूरत पड़ने पर किया जाएगा। जरूरत नहीं पड़ने पर इन्हें वापस भेज दिया जाएगा। कार्यक्रम के बाद शाम तक सभी बसें लौटा दी जाएंगी।
कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलेगी
इंदौर स्टेशन से महू जाने के लिए रेलवे ने कोई अतिरिक्त ट्रेन का इंतजाम नहीं किया, जबकि इंदौर से महू जाने वाली ट्रेन में पैर रखने की जगह भी मुश्किल से मिलती है। ऐसे में शनिवार को अनुयायियों को महू जाने में परेशानी हो सकती है।
1 हजार सुरक्षा बल और 55 सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा
डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन और महू में आंबेडकर जयंती को लेकर पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त रखे हैं। शहर में सुरक्षा की कमान संभालने के लिए चार डीआईजी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा करीब 1 हजार पुलिस जवानों का अतिरिक्त बल सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेगा। वहीं पूरे रूट मार्ग पर चेकिंग पाॅइंट और 55 सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर नजर रखी जाएगी। एससी, एसटी एक्ट में तत्काल गिरफ्तारी खत्म किए जाने के बाद देशभर में हुई प्रतिक्रिया को देखते हुए पुलिस, प्रशासन चुनौती भरा रहेगा। कई राज्यों से आने वाले लोगों को नियंत्रित करना आसान नहीं होगा।