एक साल पहले पीएम की सभा में भेजी गई बसों का अब तक भुगतान नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरकंटक में करीब एक साल पहले हुई सभा में इंदौर से भेजी गई बसों का भुगतान बस संचालकों को अब तक नहीं मिल पाया है। फरवरी में शासन यह राशि जारी करने के निर्देश भी दे चुका है, लेकिन बस संचालकों का आरोप है कि शासन की ओर से बैंकों को कम राशि भेजी गई है और बैंकें वह राशि भी जारी नहीं कर रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में निकाली गई नर्मदा सेवा यात्रा के समापन अवसर पर अमरकंटक में 15 मई 2017 को हुए कार्यक्रम में पीएम मोदी की सभा हुई थी। इसी में कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए बसें अधिग्रहित की गई थी।
प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा के मुताबिक बस संचालकों के लंबे विरोध के बाद इसी साल 23 फरवरी को शासन ने सभी कलेक्टर को बसों का बकाया भुगतान करने के निर्देश जारी किए गए थे।
इंदौर से ली थी 237 बसें
पीएम के इस कार्यक्रम के लिए इंदौर से 237 बसों का अधिग्रहण किया था। शासन ने शुरुआत में बस संचालकों को 85 लाख रुपए का भुगतान किया था, वही बकाया राशि 55.49 लाख है। शर्मा ने बताया कि बकाया राशि से कम राशि शासन ने बैंकों को पहुंचाई है और बैंकें पिछले 15 दिनों से कर्मचारियों की कमी बताकर यह राशि भी जारी नहीं कर रही है।