- Hindi News
- National
- जिस ‘इंडियन कंप्लेंट बोर्ड फोरम’ पर लोग शिकायत कर निजी जानकारी डाल रहे, वह विदेश से चल रहा, इसी से ठगी
जिस ‘इंडियन कंप्लेंट बोर्ड फोरम’ पर लोग शिकायत कर निजी जानकारी डाल रहे, वह विदेश से चल रहा, इसी से ठगी
क्रेडिट कार्ड का डेटा चुराकर धोखाधड़ी करने के मामले में झारखंड के 19 वर्षीय बीएससी छात्र दीपक कुमार को गिरफ्तार करने के बाद साइबर सेल को जांच में कई जानकारियां मिली हैं। दीपक लोगों को ठगने के लिए क्रेडिट कार्ड संबंधी और अन्य शिकायतों वाले जिस ‘इंडियन कंप्लेंट बोर्ड फोरम’ नामक वेब पोर्टल से डेटा चुरा रहा था, वह लातविया (रशियन कंट्री) से संचालित किया जा रहा है। इसके एडमिनिस्ट्रेटर का नाम एरिको नोविको होना पता चला है, जबकि इसके ई-मेल आईडी को चेक किया तो वह ‘एंटी ट्रस्ट ब्यूरो एट दी रेट जीमेल डॉट काॅम’ होना बता रहा है।
जिला साइबर सेल के एसपी जितेंद्र सिंह ने बताया जांच में पता चला कि ‘इंडियन कंप्लेंट बोर्ड फोरम’ पर देशभर के कई लोग क्रेडिट कार्ड, मकान, गाड़ी चोरी होने संबंधी शिकायतें करने के साथ व्यक्तिगत जानकारी जैसे- क्रेडिट कार्ड नंबर, ई-मेल आईडी, गाड़ी नंबर, रजिस्ट्रेशन और अपने गोपनीय आईडी नंबर डाल रहे हैं। इसका फायदा आॅनलाइन ठगी करने वाले गिरोह उठा रहे हैं। गिरोह ऐसे फोरम से लोगों का डेटा हासिल कर उन्हें नाम से कॉल कर बातों में उलझाकर ओटीपी प्राप्त कर लेते हैं, फिर ठगी करते हैं। हमने आरबीआई व अन्य जांच एजेंसियों को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए सचेत किया है।
एप का उपयोग ऑनलाइन जुआ खेलने में
एसपी ने बताया दीपक ने सिंगापुर के डीबीएस और इंग्लैंड के एंट्रॉपी बैंक का एप डाउनलोड कर रखा था। जांच में पता चला था कि ये एप ऐसे हैं जिसमें सिर्फ आपके मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर ही दोनों बैंक आपको एक ई-वॉलेट उपलब्ध करवा देते हैं। ग्राहक का अन्य कोई आईडेंटिटी प्रूफ नहीं मांगते, यानी कोई भी फर्जी नंबर लेकर किसी भी मोबाइल के आईएमईआई नंबर से इन बैंक में खाता खुलवाया जा सकता है। यह भी पता चला है कि ऑनलाइन जुआ खेलने और जुए की राशि का ट्रांसफर करने के लिए बड़े गैंग एंट्रॉपी एप का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं।