एक भी प्रत्याशी ने वापस नहीं लिया नाम, याचिका पर सुनवाई 17 को
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में नाम वापसी के दिन एक भी दावेदार ने पीछे कदम नहीं लिया। साेशल मीडिया के साथ व्यक्तिगत रूप से भी मिलकर प्रचार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भावनात्मक संदेश बनाकर सदस्यों को आकर्षित करने का प्रयास प्रत्याशी कर रहे हैं। वहीं 93 सदस्यों के द्वारा अंडरटेकिंग देने के बावजूद वोट का अधिकार नहीं मिलने पर दायर याचिका पर सुनवाई अब 17 अप्रैल को होगी। हाई कोर्ट के समक्ष शुक्रवार को मामला सुनवाई के लिए लगा था। कोर्ट ने याचिका की एक प्रति तदर्थ कमेटी को देने के लिए कहा है। हाई कोर्ट के 32 सौ से ज्यादा सदस्य हैं, लेकिन इस दफा 1129 ही वोट दे पाएंगे। वन बार, वन वोट के तहत वकीलों से अंडरटेकिंग ली गई थी। 1129 सदस्यों ने हाई कोर्ट बार में वोट देना तय किया है। पहली बार इस सिस्टम से चुनाव होने जा रहे हैं। परंपरागत रूप से इस चुनाव में दिलचस्प मुकाबला अध्यक्ष और सचिव का रहेगा। अध्यक्ष के तीन और सचिव के लिए चार-चार वकील दावेदार हैं। अध्यक्ष पद के तीनों दावेदार जहां नए, वहीं सचिव पद के लिए पूर्व सचिव ने दावेदारी की है। अध्यक्ष पद पर गिरीश पटवर्धन, राघवेंद्र सिंह बैस व सूरज शर्मा प्रत्याशी हैं। सचिव के लिए मनीष यादव, मनीष सांखला, अजय मिश्रा, निशित विशर्ड का दावा है।