1 साल में 126 प्रोजेक्ट को एकेवीएन ने दी जमीन, 7 हजार को मिलेगा रोजगार
वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद एकेवीएन इंदौर ने औद्योगिक विकास के संबंध में आंकड़े जारी किए हैं। इसमें सामने आया है कि एकेवीएन इंदौर के दायरे में आ रहे 26 औद्योगिक क्षेत्रों में 2064 प्रोजेक्ट को अब तक जमीन दी जा चुकी है। पिछले साल यह संख्या 1938 प्रोजेक्ट की थी। यानी, एक साल में 126 नए प्रोजेक्ट के लिए एकेवीएन ने जमीन दी है। एकेवीएन के दायरे में खुली यूनिट्स में एक लाख से ज्यादा लोगों को सीधे तौर पर रोजगार मिला हुआ है। 10 हजार करोड़ से ज्यादा निवेश प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जिनसे एक से दो साल में सात हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। वहीं, कंपनियों को जमीन देने से विभिन्न शुल्क के तौर पर एकेवीएन को हर साल 35 करोड़ रुपए मिलेंगे, जिससे वह औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत ढांचा विकसित करेगा। सबसे ज्यादा यूनिट पीथमपुर में ही हैं। हाल ही में सरकार ने वर्ष 2017 तक के टैक्स छूट आवेदन निराकृत कर दिए हैं, जिससे 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि उद्योग जगत को सीधे खाते में मिल गई है। इसमें से करीब 50 फीसदी राशि इंदौर और इसके आसपास के उद्योग वर्ग को मिली है। इससे अब प्रोजेक्ट के विस्तार पर काम शुरू हो गया है। हालत यह है कि इंदौर और पीथमपुर में एकेवीएन के पास नए उद्योगों के लिए जमीन की कमी हो गई है।