- Hindi News
- National
- कल इंदौर आएंगे कोकजे, शुरू कर सकते हैं विहिप का संयुक्त परिवार चलन अभियान
कल इंदौर आएंगे कोकजे, शुरू कर सकते हैं विहिप का संयुक्त परिवार चलन अभियान
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद 17 अप्रैल को पहली बार वीएस काेकजे अपने शहर इंदौर आएंगे। वे यहां से संयुक्त परिवार के चलन का अभियान भी शुरू कर सकते हैं। खास बात यह है कि शहर में उनके नागरिक अभिनंदन की भी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए उन्हीं से चर्चा के बाद एक कमेटी बनाई जाएगी। इसमें शहर के सैकड़ों समाज के प्रतिनिधि, व्यापारिक संगठन, संस्थाएं और शिक्षा जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कमेटी तय करेगी कि किस तारीख को, किस स्थान पर नागरिक अभिनंदन हो। पूरी रूपरेखा कमेटी ही तय करेगी।
डॉ. नागपाल संस्था के अध्यक्ष भी हैं कोकजे
कोकजे कई साल इंदौर में ही रहे हैं। रेसकोर्स रोड के पास उनका निवास स्थान है। 2003 में ही वे इंदौर में सह विभाग संघचालक भी रह चुके हैं, इसलिए आरएसएस, विहिप और बजरंग दल के कई बड़े नेता और पूर्व पदाधिकारी भी उनसे मिलने पहुंचेंगे। वर्तमान में वे डॉ. ओम नागपाल संस्थान के अध्यक्ष हैं। संस्था प्रमुख डॉ. दिव्या गुप्ता ने बताया कि पिछले सप्ताह ही कोकजे संस्था की बैठक में शामिल हुए थे। कई अहम मुद्दों पर उनसे अलग से चर्चा हुई थी। शिक्षाविद् डॉ. एसएल गर्ग के अनुसार जीएसीसी में लॉ करने के बाद से ही वे इंदौर में वकालत करने लगे थे। तीन साल पहले बताैर कॉलेज प्राचार्य हमने पूर्व छात्र के नाते सम्मान समारोह भी किया था, लेकिन वे शामिल नहीं हो सके थे।
गो-सेवा भारती कर रहा तैयारी
गो-सेवा भारती के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धाकड़ एवं कार्यकारी अध्यक्ष मिलिंद अपोतिकर ने बताया कि कोकजे के इंदौर में रहने के कारण उनका यहां के प्रति स्नेह हमेशा से रहा है। महामंत्री राजेंद्र असावा और चैतन्य भारत के महामंत्री विष्णु गोयल ने बताया कि जल्द ही उनके नागरिक अभिनंदन समारोह की रूपरेखा तय होगी।
विभिन्न संगठनों के साथ होगी मुलाकात
वीएस कोकजे ने बताया कि इंदौर आकर सबसे मिलूंगा। संगठन के पदाधिकारी, सहयोगी और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करेंगे।