पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक शर्त के कारण उम्मीदवारों का भविष्य दांव पर

एक शर्त के कारण उम्मीदवारों का भविष्य दांव पर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर/भोपाल डीबी स्टार

मप्र राज्य लोक सेवा आयोग असिस्टेंट डायरेक्टर (प्लानिंग) के लिए भर्ती परीक्षा कराने जा रहा है। ये पद नगरीय विकास एवं आवास विभाग में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए रखी गई पात्रता की एक शर्त ने सैकड़ों उम्मीदवाराें को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। दरअसल आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा (प्रारंभिक) के लिए स्नातक अथवा फाइनल ईयर में शामिल होने वाले आवेदक को भी पात्र माना है। लेकिन आयोग असिस्टेंट डायरेक्टर प्लानिंग के लिए स्नातक अथवा स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण आवेदकों को ही मान्य कर रहा है। इस शर्त के चलते कई उम्मीदवार आवेदन करने से वंचित रह जाएंगे।

क्या है मामला

नगरीय विकास एवं विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर (प्लानिंग) के 12 पद रिक्त हैं। इन्हें भरने के लिए लोक सेवा अायोग ने 1 मार्च 2018 को विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए उम्मीदवार का संबंधित विषय में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर होना जरूरी है, लेकिन फायनल ईयर की परीक्षा देने वाले छात्र आवेदन नहीं कर सकते हैं। इस वजह से इन उम्मीदवारों में असंतोष व्याप्त है। बताया जाता है कि काफी समय बाद इन पदों के लिए राज्य में भर्ती परीक्षा हो रही है।

आवेदन से वंचित उम्मीदवाराें का कहना है कि यह हमारे लिए पहला मौका है। इसके बाद पता नहीं कब यह परीक्षा हो। ऐसे में भर्ती विज्ञापन की एक शर्त से हम अपना भविष्य बनाने का अवसर चूक जाएंगे। उम्मीदवारों का कहना है कि जब अन्य परीक्षा में ऐसा विसंगतिपूर्ण नियम नहीं है तो इस परीक्षा के लिए ऐसी शर्त क्यों रखी गई। अपनी समस्या को लेकर उम्मीदवारों ने आयोग को पत्र लिखा है। प्रदेश में काफी समय के बाद यह भर्ती निकली है। इस वजह से प्रदेश के हजारों उम्मीदवार आवेदन करेंगे। परीक्षा के माध्यम से कुल 12 पद भरे जाएंगे। इसके लिए जो शैक्षणिक योग्यता मांगी गई है, उससे संबंधित यूजी और पीजी कोर्स राज्य में तीन संस्थानों में होता है। इनमें भोपाल का मैनिट, स्कूल ऑफ प्लानिंेग एंड आर्किटेक्चर और ग्वालियर का एमआईटीएस संस्थान शामिल है। परीक्षा के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपए और आरक्षित वर्ग को 250 रुपए परीक्षा शुल्क चुकाना होगा। इसके अलावा महिला, नि:शक्त और आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को आयुसीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।

अन्य राज्य में मान्य

गाैरतलब है कि राजस्थान लोक सेवा अायोग असिस्टेंट टाउन प्लॉनर्स की भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए उसने 2 अप्रैल 2018 को विज्ञापन जारी किया है। पात्रता शर्त में वह फाइनल ईयर में शामिल हाे रहे स्टूडेंट्स को भी मान्य कर रहा है।

सब कुछ स्पष्ट है

 भर्ती में पात्रता को लेकर कोई भी कन्फ्यूजन नहीं है। उसमें सभी शर्तें स्पष्ट हैं। संबंधित विभाग से हमें जो नियम मिलते हैं, उसी के मुताबिक विज्ञापन जारी किया जाता है। डॉ.पवन कुमार शर्मा, सचिव, मप्र लोक सेवा आयोग

हमें मौका दिया जाए

 आयोग की इस शर्त के चलते कई उम्मीदवार आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। हममें से कुछ छात्रों का इस वर्ष फाइनल ईयर है। अगर पात्रता में छूट मिल जाए तो हम भी भर्ती में शामिल हो सकेंंगे। आयोग से अनुरोध है नियम में बदलाव कर हमें भी आवेदन का मौका दिया जाए। भगवान, राजेश, संजय, मनीष (परिवर्तित नाम) शिकायतकर्ता एवं परीक्षार्थी

खबरें और भी हैं...