यदि स्कूल संचालक अपने छात्रों के अलावा अन्य के लिए समर कैंप लगाते हैं, अपनी जमीन पर विवाह या अन्य आयोजन कराते हैं तो जीएसटी के दायरे में आएंगे। वहीं चिकित्सा सेवा जीएसटी से मुक्त है।
यह जानकारी टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन (टीपीए) द्वारा प्रीतमलाल दुआ सभागृह में हुई चार दिवसीय कार्यशाला में आए वक्ताओं ने दी। सीए शैलेंद्र पोरवाल ने बताया माल व सेवा का गलत मूल्यांकन करने से उपभोक्ता पर गलत टैक्स का बोझ आ जाता है। सीए कृष्ण गर्ग ने जीएसटी की देयता कब आती है, इसकी जानकारी दी। सीए अरविंद सिंह चावला ने कहा- इनपुट टैक्स क्रेडिट ऑफिस में खानपान पर नहीं मिलती है। सुनील खंडेलवाल, आरएस गोयल, सीए प्रखर गोयल ने भी जानकारी दी। कार्यक्रम में टीपीए अध्यक्ष विक्रम गुप्ते, सचिव राजेश जोशी, सह सचिव स्वप्निल जैन, राजेश मेहता व अन्य उपस्थित थे।