चुनाव नजदीक आते ही नेताओं की अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ने लगी है। इसकी शुरुआत भाजपा की विकास यात्रा से हो गई है। विधानसभा 1 के विधायक सुदर्शन गुप्ता ने लगातार दूसरे दिन और 5 नंबर के विधायक महेंद्र हार्डिया ने तीसरे दिन घर-घर दस्तक दी और लोगों के सामने क्षेत्र में किए गए विकास कार्य गिनाए। इस दौरान विधायकों को पानी की किल्लत पर लोगों का गुस्सा भी झेलना पड़ा। यात्रा में साथ चल रहे पार्षदों को भी रहवासियों ने खरी-खोटी सुनाई। कुछ क्षेत्रों में बार-बार बिजली जाने की शिकायतें भी की।
शनिवार को विधायक गुप्ता नंदबाग और मातेश्वरी कॉलोनी पहुंचे। विधायक ने लोगों को सड़क, पानी, ड्रेनेज को लेकर किए काम गिनाए। केंद्र और राज्य की 50 से ज्यादा योजनाएं और उनसे होने वाले फायदे के बारे में समझाया। गुप्ता ने तुरंत अफसरों को वहीं से फोन लगवाया और चेताया कि लोगों को परेशानी नहीं होना चाहिए।
एक माह में 15 से ज्यादा बड़े नेता आएंगे : विकास यात्रा शुरू होने के साथ भाजपा ने यह भी तय किया है कि एक माह के अंदर इंदौर में 15 से ज्यादा बड़े नेता आएंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्री और पार्टी के बड़े पदाधिकारी शामिल रहेंगे। ये नेता विकास यात्रा के दौरान विधायकों के साथ भी क्षेत्रों में जाएंगे। शुक्रवार को इंदौर आए केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा विधानसभा एक की विकास यात्रा के शुभारंभ के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि इंदौर की जनता के लिए केंद्र ने कई सौगातें दी हैं।