पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रोज एक अच्छा कार्य करें, जरूरतमंदों की मदद करें, पौधा लगाएं, यही ईश्वर भक्ति

रोज एक अच्छा कार्य करें, जरूरतमंदों की मदद करें, पौधा लगाएं, यही ईश्वर भक्ति

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ज्येष्ठ अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) में शहर में कई स्थानों पर धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। विद्याधाम, अन्नपूर्णा, गौराकुंड के जानकीनाथ मंदिर में 108 भागवत पारायण चल रहा है, वहीं 30 से ज्यादा स्थानों पर भी भागवत कथा, रामायण पाठ, नाम जाप सहित अन्य अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इनमें सामाजिक सरोकार के संदेश दिए जा रहे हैं।

विद्याधाम, हंसदास मठ में भी भागवत पारायण किया जा रहा। इसकी शुरुआत मंत्रोच्चार के साथ हुई। ये पारायण मास पर्यंत चलेंगे।

प्रभु श्रीनाथ का अलौकिक स्वरूप अवर्णनीय है। ज्ञान केवल किताब से प्राप्त नहीं हो सकता। गुरु को दिया वचन, और उनसे मिला ज्ञान ही हमें जीवनभर काम आता है। जो भक्त ठाकुरजी की नि:स्वार्थ सेवा करता है, वहीं अनन्य भक्त है। यह बात गोवर्धननाथ मंदिर मल्हारगंज में श्रीकृष्ण वल्लभ स्वरूपामृत महोत्सव के चौथे दिन वाग्धीश बाबाश्री ने कही।

राजेंद्र नगर टंकी हॉल में मातृशक्ति महिला मंडल द्वारा आयोजित श्रीराम कथा की शुरुआत शोभायात्रा से हुई। कथा में राम विवाह उत्सव मनाया गया। कथा में पं. संजय दुबे ने कहा जब धर्म की हानि होती है, असुरों का प्रभाव बढ़ता है, तब भक्तों की रक्षा के लिए भगवान अवतार लेते हैं।

विद्याधाम के हंसदास मठ में भागवत पारायण में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

मोक्षदायिनी है भागवत : पं. शास्त्री

भागवत कथा मोक्षदायिनी है। इसमें सभी संशयों का निदान है। नरसेवा ही नारायण सेवा है। प्रत्येक मनुष्य रोज एक अच्छा कार्य करेे, जरूरतमंदों की मदद करे। बारिश शुरू होने से पूर्व नीम-पीपल या फल वाला पौधा लगाए, यही ईश्वर की सच्ची सेवा है। यह बात वृंदावन के भागवताचार्य सुनील शास्त्री ने केंद्रीय साईं सेवा समिति द्वारा एयरपोर्ट रोड स्थित छत्रपति नगर में आयोजित सात दिनी भागवत कथा में शनिवार को कही। समिति से जुड़े गौतम पाठक ने बताया रविवार को कृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव मनाया जाएगा।

लक्ष्मीनारायण महायज्ञ आज से, कोई भी दे सकता है आहुति

पंचकुईया स्थित श्रीराम मंदिर में 108 भागवत पारायण सुबह-शाम दो सत्रों में चल रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पूजन करने पहुंच रहे। यहीं पर 108 कुंडीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ रविवार को शुरू होगा जो 27 मई तक सुबह 8.30 से 10 बजे और शाम 5 से 6.30 बजे तक होगा। संस्था सृजन द्वारा आयोजित महायज्ञ में अलग-अलग समाजों के सैकड़ों जोड़े प्रतिदिन आहुतियां देंगे।

गीता भवन में भागवत कथा आज से

श्री प्राणनाथ संस्था एवं नागोर साथ महिला मंडल की मेजबानी में मनोरमागंज स्थित गीता भवन में 20 से 27 मई तक श्रीमद भागवत ज्ञानयज्ञ किया जाएगा। इसमें राजस्थान के हेमंतभाई भंडारी प्रतिदिन दोपहर 3.30 से 6.30 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। कथा सेठ बखतराम बच्छराज भंडारी ट्रस्ट की ओर से आयोजित की जाएगी। सुशीलादेवी भंडारी ने बताया पहले शोभायात्रा निकलेगी। फिर कथा की शुरुआत होगी।

खबरें और भी हैं...