इसराना|आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री और करनाल लोकसभा प्रभारी अनूप संधू ने कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। संधू सोमवार को इसराना के छोटूराम किसान भवन में 27 मई को कुरुक्षेत्र में होने जा रहे पाटी पदाधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। बैठक से पूर्व पत्रकारवार्ता में संधू ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आती।
उन्होंने कहा कि आज महंगाई आसमान छू रही है। किसान, मजदूर व युवा वर्ग परेशान है। सरकार में बैठे लोग जनकल्याण को भूला कर स्वयं के कल्याण में लगे हुए है। संधू ने कहा कि 27 मई को कुरुक्षेत्र में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसको आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। पार्टी के प्रदेश सह संगठन मंत्री सोयब आलम ने कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए बूथ स्तर पर टीम तैयार की जा रही है।