गाड़ी में कचरा डालने को कहा तो बहू ने सास को डंडा मारा
इटारसी | नई गरीबी लाइन रैदासनगर में घरेलू विवाद पर बहू ने सास को डंडा दे मारा। सास के बयान पर बहू के खिलाफ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई। घटना शनिवार सुबह 10:30 बजे की है। बहू घर में खाना बना रही थी। उसी समय नपा की कचरा गाड़ी मोहल्ले से निकली। सास मायाबाई चंद्रवंशी (70) ने बहू रानी चंद्रवंशी से गाड़ी में कचरा डालने को कहा। बहू आपे से बाहर हो गई। कहने लगी मैं क्या तुम्हारी नौकर हूं। बहू ने सास मायाबाई चंद्रवंशी को गालियां दी। उन्हें डंडा मारा और जान से मारने की धमकी दे डाली। सास को अस्पताल ले जाया गया।
रुपए देने से मना किया तो राहगीर को पीटा
नाला मोहल्ले में शंकर मंदिर के पास शराब के लिए रुपए नहीं पर मेहरागांव के एक व्यक्ति को आकाश कुचबंदिया ने पीट दिया। मेहरागांव के गुलाब गाडरी (45) ने बताया शाम 7 बजे नाला मोहल्ले से निकल रहा था। आकाश ने शराब के लिए रुपए मांगे। इंकार करने पर गाली देकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।