शोभायात्रा में समरसता का देंगे संदेश
सर्व ब्राह्मण महिला मंडल ने शनिवार को परशुराम भवन में सांस्कृतिक प्रतियोगिता के पूर्व भगवान परशुराम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। महिला मंडल व युवती दल ने थाली सजाओ, फैंसी ड्रेस व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की। रविवार को महिला मंडल ने भवन में आनंद मेला का आयोजन किया है।
भगवान परशुराम भगवान विष्णु के अवतार हैं, वे सिर्फ विप्रों के नहीं बल्कि समूचे हिंदू समाज के पूज्य हैं। हम समाज में जातिगत भेदभाव नहीं बल्कि सामाजिक समरसता के पक्षधर हैं। इस वजह से परशुराम जयंती में सिर्फ विप्र नहीं बल्कि सभी हिंदुओं को आमंत्रित किया गया है। यह बात जिला सर्व ब्राह्मण अध्यक्ष जितेंद्र ओझा ने जयंती की प्रेस वार्ता में कही। इस अवसर पर जिला युवा शाखा अध्यक्ष मनोहर तिवारी, उपाध्यक्ष राकेश दुबे, नगर अध्यक्ष सम्राट तिवारी, परशुराम सेना जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, चाणक्य सेना नगर अध्यक्ष सुशील शर्मा, जिला प्रवक्ता अरविंद शर्मा, आलोक दीक्षित मौजूद थे। जयंती समारोह में चर्चित फिल्म गैंग ऑफ बासेपुर, नाम शबाना, अलीगढ़, हत्या जैसी चर्चित फिल्मों के अभिनेता मनोज बाजपेयी एवं टीवी सीरियल के कलाकार सिद्धार्थ शुक्ला शोभायात्रा में शामिल होंगे।
सर्व ब्राह्मण महिला मंडल ने की परशुराम की पूजा-अर्चना, कहा सिर्फ विप्र नहीं सभी हिंदू आएं
इटारसी। भगवान परशुराम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना करती हुई ब्राह्मण महिला मंडल।
सांस्कृतिक कार्यक्रम 3 दिनों से चल रहे हैं
15 अप्रैल : शाम 4 बजे दूसरी लाइन के परशुराम भवन से जागरण रैली, शाम 6 बजे आनंद मेला।
16 अप्रैल : जयंती शोभायात्रा शाम 4 बजे परशुराम भवन से फ्रेंड्स स्कूल मैदान पहुंचेगी। यहां महाआरती, पुरस्कार वितरण, विप्र शिरोमणि सम्मान।
18 अप्रैल : अक्षय तृतीया पर सुबह 10:30 बजे से परशुराम भवन में कर्मकांडी ब्राह्मण पूजन अभिषेक करेंगे।