नेशनल हाईवे-69 पर शुक्रवार को रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। मिशनखेड़ा चर्च के पास गुरुवार को रेत से भरे डंपर ने स्कूटी सवार नरेंद्र नगर के 64 वर्षीय बफाती खान को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डंपर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। डंपर स्कूटी को 20 फीट दूर तक घसीटते हुए ले गया। स्कूटी सवार संभल भी नहीं पाए और अगले पहिए के नीचे से होकर पिछले टायर में जाकर दब गए। 20 मिनट तक शव और स्कूटी डंपर के पहिए में फंसी रही। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार हो गया। इससे हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। बफाती खान पिता पीर खान (64) निवासी नरेंद्र नगर 12 बंगला पुरानी इटारसी क्षेत्र के थे। होशंगाबाद के जिला अस्पताल में प|ी भर्ती है। यहां से वे स्कूटी से निकले थे। 20 किलोमीटर तक इटारसी आ गए पर घर पहुंचने के 15 मिनट पहले खेड़ा में उनकी जीवन यात्रा खत्म हो गई। यह घटना हाईवे पर 11 बजे हुई। पीछे से आ रहे डंपर ने खान की स्कूटी को चपेट में ले लिया। डंपर की गति अधिक होने से ड्राइवर ने ब्रेक लगाए थे। पर डंपर करीब 20 फीट दूर जाकर रुका। डंपर के क्लीनर साइड के पहिए में स्कूटी और खान फंस गए। डंपर उन्हें घसीटते हुए ले गया। जब रुका तो खान पिछले पहिए में दबे हुए थे। हाईवे पर का यातायात बाधित हो गया।
यह फोटो वीभत्स है लेकिन जिंदगी की अहमियत बताने के लिए प्रकािशत किया है।
भास्कर अपील: धीरे वाहन चलाएं, सड़क पर आपके अलावा कोई और जिंदगियां भी चल रही हैं... जिनका घर पर परिवार इंतजार कर रहा है...
खान दंपती इटारसी में रहते थे, बेटा छिंदवाड़ा में
बीमार मुमताज काे मिली शौहर की मौत की खबर
भाई रहीश खान ने बताया भाभी मुमताज बी (मृतक बफाती खान की प|ी) को कमजोरी होने से सरकारी अस्पताल में भर्ती किया था। जहां से तीन दिन पहले ही जिला अस्पताल रैफर किया था। शुक्रवार सुबह 8 बजे बफाती स्कूटी (एमपी 05 एमसी 9346) से होशंगाबाद से इटारसी आते समय हादसा हो गया। मुमताज को पति की मौत की सूचना मिली तो वे बेहाल हो गईं।
उन्हें अस्पताल से घर लाया गया। शाम को परिवार के लोग शव काे दफनाने ले गए।
बफाती और प|ी मुमताज इटारसी के नरेंद्र नगर में रह रहे थे। उनके बाजू में छोटे भाई खान का परिवार रहता है। बफाती खान का छोटा-मोटा काम कर परिवार की गुजर-बसर कर रहे थे। बेटा जफ्फार छिंदवाड़ा में काम करता है।
इंदौर के व्यक्ति नाम से रजिस्टर्ड डंपर
रेत से भरा डंपर एमपी 09 एचएच 2452 परिवहन विभाग के पोर्टल के अनुसार इंदौर के मालिक हजेंद्र सिंह पिता रघुनंदन सिंह यादव के नाम रजिस्टर्ड है। डंपर के सामने शुभम ट्रेडर्स व साइड में एनएसटी रेत सप्लायर लिखा है। डंपर के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी पहचान नहीं हुई है।
हादसे के बाद वाहनों की लंबी लगी कतारें
हादसे के बाद एनएच-69 पर जाम लग गया। एसआई सुरेंद्र बटकर, एएसआई सुशील कुशवाह व संजय रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने डंपर के नीचे शव और स्कूटी को निकलवाया। यातायात करीब 30 मिनट बाद सुचारू हुआ। शव को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
सनखेड़ा में दो ऑटो टकराए, एक की मौत
इटारसी| मरोड़ा रोड पर सनखेड़ा के पास दो आॅटो की टक्कर हो गई। गंभीर चोट के कारण एक युवक ने दम तोड़ दिया। यह घटना बुधवार रात 9 बजे हुई। युवक को डाॅयल 100 वाहन से सरकारी अस्पताल लाए। सिर में गंभीर चोट होने से परिजन होशंगाबाद के नर्मदा अस्पताल ले गए थे। गयाप्रसाद पिता कंछेदीलाल पाल (35) निवासी सनखेड़ा को बीती रात 11 बजे वेंटिलेटर पर रखा गया। सुबह करीब 7 बजे मृत्यु हो गई। एक्सीडेंट के संबंध में रामपुर थाने में कोई कायमी नहीं की गई। रामपुर थाना प्रभारी अाम्रपाली दाहत ने बताया इटारसी में शून्य पर कायमी के बाद केस डायरी रामपुर थाने आएगी।