हिंदू महासभा द्वारा नाथूराम गोडसे की जयंती मनाए जाने और राष्ट्रीय धरोहर का दुरुपयोग किए जाने की शिकायत लेकर कांग्रेसी सोमवार को शाम 6.30 बजे सिटी थाना पहुंचे। कांग्रेस सेवादल के बैनर तले नगर कांग्रेस, युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी व सदस्य एसपी के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर पत्रकार भवन से नारेबाजी करते हुए सिटी थाना आए। यहां एसडीओपी अनिल शर्मा और टीआई विक्रम रजक को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जसपाल सिंह पाली भाटिया ने कहा कि 19 मई शनिवार को हिंदु महासभा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ता ने जयस्तंभ चौक पर महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाया और जयस्तंभ की रैलिंग पर हत्यारे गोडसे का फोटोयुक्त बैनर लगाकर उस पर फूलमाला से सजावट कर आतिशबाजी की। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे का जयस्तंभ चौक पर जन्मदिन मनाना निंदनीय कृत्य और कुटिल अपराध है। सेवादल नगर संगठक दीपक धर ने ज्ञापन मेंे लिखा कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर हिंदू महासभा के पदाधिकारियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष शेष मेहरा, जिला पंचायत सदस्य विजय बाबू चौधरी, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश बामने, अशोक जैन, पारस जैन, मयूर जायसवाल, अर्जुन भोला, राजकुमार उपाध्याय, राकेश चंदेले, अमोल उपाध्याय, रामशंकर, मनीष चौधरी सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।
कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद किया
इटारसी| पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने सोमवार की शाम पत्रकार भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व मंत्री विजय दुबे काकू भाई ने कहा कि राजीव गांधी ने राजनीति में हमेशा सदाचार ओर सुचिता के साथ कार्य किया उनकी दूरदर्शिता ने भारत को आधुनिकता प्रदान की। इसमें पूर्व नपा अध्यक्ष अनिल अवस्थी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पाली भाटिया, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश बामने, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के नेता मधुसूदन यादव, अशोक जैन, राजकुमार उपाध्याय केलु, सेवादल जिला अध्यक्ष शेष मेहरा, हिमांशु बाबू अग्रवाल, मयूर जायसवाल, अधिवक्ता संघ सचिव पारस जैन ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।