तवा नदी के किनारे बसे होरियापीपर गांव में रविवार को उजाड़ मल बाबा की पूजन करने आए लोगों पर पत्थरों व डंडों से हमला किया गया। 10 लोग घायल हो गए। यह विवाद बाइक से गांव की बालिका को कट लगने के बाद हुआ। गांव में भोपाल और होशंगाबाद के मांझी समाज के 30 महिला-पुरुष और बच्चों पर ग्रामीणों ने पत्थरों की बौछार कर डंडे से हमला कर दिया। हमले के करीब 30 से 45 मिनट में रामपुर पुलिस पहुंची। बड़े विवाद की सूचना से एसडीओपी अनिल शर्मा इटारसी, होशंगाबाद, देहात पथरौटा थाने की पुलिस को लेकर घटनास्थल होरिया-पीपर पहुंचे और विवाद पर काबू पाया। इसके बाद घायलों को डायल 100 वाहन से इटारसी और होशंगाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने होरिया पीपर के करीब एक दर्जन लोगों पर बलवा का केस दर्ज किया।
घायलों में होशंगाबाद के लिए भी लोग शामिल
होशंगाबाद निवासी संतोष पिता चिमनलाल केवट और सुनील पिता मदन मांझी को सिर में चोट लगी। बैरागढ़ भोपाल निवासी अशोक, विशाल पिता श्याम मांझी, अमित पिता लाल राम मालवीय बैरागढ़, भीलपुरा होशंगाबाद निवासी विनोद पिता रमेश मांझी, बैरागढ़ भोपाल निवासी 16 वर्षीय अनुराग पिता कन्हैयालाल मांझी, सतीश पिता मदनलाल मांझी, टुन्ना पिता नारायण मांझी, कविता पति कन्हैया मांझी घायल हुए। बैरागढ़ भोपाल निवासी लालराम मालवीय को सिर पर डंडे से और अजय पिता टून्ना मांझी को भी चोट आई है।