इटारसी| कर्नाटक में भाजपा की जीत का जश्न मना रहे कांग्रेसियों को जयस्तंभ चौक पर नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाना रास नहीं आया। कांग्रेसियों ने गोडसे के चित्र पर काली स्याही फेंकी और महात्मा गांधी अमर रहे के नारे लगाए। जन्मदिन मना हिंदू महासभा के सदस्यों को खदेड़ा फिर जयस्तंभ चौक काे पानी से धोकर शुद्धिकरण किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जसपाल सिंह भाटिया, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष शेष मेहरा आदि मौजूद थे।
शनिवार रात 8 बजे चिकमंलूर चौराहे पर कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्य इकट्ठे होकर एक-दूसरे को लड्डू खिला रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी की आवाज सुनकर कांग्रेसी फुर्ती में सामने जयस्तंभ चौक पहुंचे। यहां हिंदू महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को जयस्तंभ चौक पर नाथूराम गोडसे का चित्र लगा पूजन-अर्चन करते देखा तो कांग्रेसी गुस्से में आ गए और नाथूराम गोडसे का चित्र हटाने को कहा। चित्र नहीं हटाने पर कांग्रेसियों ने काली स्याही फैंककर कालिख पोती। इस दौरान हिंदू महासभा के पदाधिकारी गोडसे का चित्र निकालकर ले गए।
इस पूरे घटनाक्रम में हिंदू महासभा के पदाधिकारी और कांग्रेसियों पर भी काली स्याही के छीटे आए। बाद में कुछ कांग्रेसियों ने जयस्तंभ पर लगे झंडे निकालकर स्याही पोंछी और पानी लाकर जयस्तंभ धोया।
इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जसपाल सिंह भाटिया, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष शेष मेहरा, जिला पंचायत सदस्य विजय बाबू चौधरी, कांग्रेस प्रवक्ता राजकुमार उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेसी लखन बैस, अशोक जैन, कैलाश नवलानी, अमोल उपाध्याय, मयूर जायसवाल, गोल्डी बैस, बाबू अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।
हिंदू महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा
हिंदू महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री कन्हैया लाल रायकवार ने कहा कि जयस्तंभ चौक पर नाथूराम गोडसे की जयंती मना रहे थे। इसी दौरान अचानक कांग्रेसी आए और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जयंती मनाने से मना किया और काली स्याही फैंकी। उन्होंने कहा कि हमने कोई गांधीजी का विरोध नहीं किया है। हमने नाथूराम गोडसे की जयंती पर आतिशबाजी कर मिठाई बांटी है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा
नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने कहा कि जयस्तंभ चौक राष्ट्रीय स्मारक है। उस पर किसी हत्यारे की तस्वीर लगाकर पूजन-अर्चन किया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक पर महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का चित्र लगाकर जयंती मना रहे थे। सभी कांग्रेसी साथियों ने मिलकर नाथूराम गोडसे के चित्र पर काली स्याही फैंक कालिख पोती है।
000