एफसीआई के सामने सूरजगंज क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में ट्यूबवेल होने और नगरपालिका की पाइप लाइन से पानी की सप्लाई होने के बाद भी जल संकट हैं। क्षेत्र के करीब 30 परिवार ऐसे हैं जिन्हें पानी नहीं मिल रहा है। पांच माह पहले इस क्षेत्र में भरपूर पानी था। क्योंकि यहां पानी की सप्लाई ट्यूबवेल से होती थी। लेकिन पांच माह से इस ट्यूबवेल में ताला लगा है और पानी की सप्लाई नगरपालिका की पाइप लाइन से हो रही है। संजय विनडोले का कहना है कि जिस पाइप लाइन से पानी सप्लाई हो रही है उससे ऊपरी इलाके में पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी की समस्या लेकर शुक्रवार को सुनीता बाई, रमा बाई, लक्ष्मी बाई, शीला बाई सहित अन्य महिलाएं सीएमओ के पास शिकायत लेकिर पहुंची थी। लेकिन सीएमओ से मुलाकात नहीं हुई। महिलाओं ने जलकार्य शाखा में शिकायत दर्ज कराई। वहां से टैंकर द्वारा पानी की सप्लाई का आश्वास मिला। पहले दिन टैंकर से पानी की सप्लाई भी हुई लेकिन दूसरे दिन टैंकर नहीं आने से पानी की समस्या दौवारा उत्पन्न हो गई है। अब क्षेत्र के महिला-पुरूषों ने सोमवार को पुन: सीएमओ के पास शिकायत लेकर जाने का मन बनाया है। तथा ट्यूबवेल में लगे ताले काे खुलवा कर उससे पानी सप्लाई की मांग की जायेगी।
पानी की समस्या फिर भी ट्यूबवेल में क्यों लगा है ताला
नगरपालिका ने झुग्गी बस्ती में पानी की पाइप लाइन बिछाई है और पाइप लाइन को सूजरगंज चौराहा स्थित ट्यूबवेल से जोड़कर सप्लाई की जा रही है। स्थानीय निवासी दीनू यादव ने बताया कि चार माह पहले नपा ने ट्यूबवेल को सार्वजनिक शौचालय में कनेक्ट करवा दिया था। लेकिन ट्यूबवेल ज्यादा दिन चल नही पाया और वहां से बंद करा दिया। लेकिन अब नपा अिधकारियों का कहना है कि इसे इमेरजेंसी में उपयोग करेंगे। जबकि वर्तमान में पानी की समस्या है। इसके बावजूद ट्यूबवेल चालू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नल सुबह 10.30 पर एक ही टाइम आते हैं। इससे पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
जलकार्य प्रभारी ने कहा ट्यूबवेल में पानी नहीं
जलकार्य शाखा के रविंद्र जोशी का कहना है कि दो माह पहले ही ट्यूबवेल का जलस्तर कम हो गया था और ट्यूबवेल से पानी आना बंद हो गया था। दो दफा मोटर भी बदलवा दी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। क्षेत्र में पानी की सप्लाई के लिए दूसरी पाइप लाइन डाली जा रही है। जिसे धौखेड़ा पाइप लाइन से कनेक्ट किया जायेगा। वर्तमान में पानी की पूर्ति के लिए टैंकर भिजवा रहे है।