कर्नाटक में भाजपा की सरकार गिरने की खुशियां मना रहे कांग्रेसियों को जयस्तंभ चौक पर नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाना रास नहीं आया। कांग्रेसियों ने नाथूराम गोडसे के चित्र पर काली स्याही फेंकी और महात्मा गांधी अमर रहे के नारे लगाए। हिंदू महासभा के सदस्यों को खदेड़ा फिर जयस्तंभ चौक काे पानी से धोकर शुद्धिकरण किया। कर्नाटक की खुशियां मनाने शनिवार रात 8 बजे चिकमंलूर चौराहे पर कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्य इकट्ठे होकर एक-दूसरे को लड्डू खिला रहे थे। यहां हिंदू महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को गोडसे का चित्र लगा पूजन-अर्चन करते देखा तो कांग्रेसी गुस्से में आ गए और गोडसे का चित्र हटाने को कहा। चित्र नहीं हटाने पर कांग्रेसियों ने काली स्याही फैंककर कालिख पोती। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जसपाल सिंह भाटिया, जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष शेष मेहरा, जिला पंचायत सदस्य विजय बाबू चौधरी, कांग्रेस प्रवक्ता राजकुमार उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेसी लखन बैस आदि मौजूद थे।
हिंदू महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री कन्हैया लाल रायकवार ने कहा गोडसे की जयंती मना रहे थे। तभी कांग्रेसियों ने अपशब्दों कहे और काली स्याही फेंकी। हमने गांधीजी का विरोध नहीं किया है।
इटारसी। पोस्टर पर लगी काली स्याही दिखाते कार्यकर्ता।