यूरेनियम कॉरपोरेशन आॅफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के लगभग साढ़े चार हजार मजदूरों के वेतन पुनरीक्षण समझौता मामले में प्रबंधन ने वार्ता के लिए कमेटी का गठन किया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह वार्ता का दौर शुरू हो जाएगा। वार्ता में ही पता चलेगा कि मजदूरों का समझौता कितने वर्ष के लिए होगा। वार्ता में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक कार्मिक एसके शर्मा, माइंस के राजेश कुमार, मिल के रवींद्र कुमार, गिरीश गुप्ता, वित्त से राहुल कुमार रहेेंगे। जबकि श्रमिक संगठनों के महामंत्रियों में जादूगोड़ा लेबर यूनियन के सिंगो चाकी, सिंहभूम यूरेनियम मजदूर यूनियन रमेश माझी, यूरेनियम मजदूर संघ से चंद्रशेखर पंडित और यूरेनियम कामगार यूनियन के महामंत्री शामिल होंगे। पहली वार्ता में ही साफ हो जाएगा कि मजदूरों का वेतन समझौता कितने वर्ष के लिए किया जाएगा। जादूगोड़ा लेबर यूनियन के महामंत्री सिगो चाकी ने कहा कि कॉमन डिमांड भी बनाकर प्रबंधन को सौंप दिया गया है। अब तक प्रबंधन द्वारा वेतन पुनरीक्षण समझौता का दस्तावेज नहीं दिया गया है और न ही वार्ता के लिए आमंत्रण किया गया है। प्रबंधन इस बार भी किसी न किसी बहाने समझौता में देरी कर सकता है।