जमीन विवाद में पंचकूला निवासी व्यक्ति को मारी गोली, गंभीर
बिलासपुर के ही एक व्यक्ति और उसके तीन बेटों पर आरोप, हमलावर बाइक मौके पर छोड़कर हुए फरार
भास्कर न्यूज | बिलासपुर
बाइक पर आए दो बदमाशों ने पंचकूला निवासी प्रदीप को गोली मार दी। लोगों ने गोली मारने वालों का पीछा किया तो वे बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। गोली लगने से घायल प्रदीप को जगाधरी सरकारी अस्पताल में लाया गया, यहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां पर शाम के समय उसका ऑपरेशन हुआ और पेट में लगी गोली को निकाला गया। शक है कि सुपारी देकर हत्या की साजिश रची गई, गनीमत रहा कि गोली पेट में लगी और प्रदीप की जान बच गई। हालांकि उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है।
पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि अस्तबली पीर की मजार के पास उनकी छह कनाल 16 मरले जमीन है। जिसकी सोमवार को निशानदेही होनी थी। निशानदेही करवाने के बाद वे अपने भाई प्रदीप व मनीष के साथ कार में सवार होने वाले ही थे कि बिना नंबर की बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर गोली दाग दी। उसने बताया कि एक गोली उसके भाई प्रदीप के पेट में लगी। उसे सिविल अस्पताल जगाधरी ले जाया गया। गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। संदीप का कहना है कि उनका रोशन लाल और उसके बेटे कपिल, दीक्षित व एस बक्सी के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि गोली चलाने वाले इन्हीं लोगों ने भेजे हैं। पुलिस ने उक्त चार आरोपियों समेत दो अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।