जगदलपुर | शहर के नयामुंडा की एक 30 वर्षीय महिला ने गुरुवार को इंद्रावती नदी के नए पुल से नदी में छलांग लगा दी। इसी बीच पुल से गुजर रहे छेपरागुड़ा के ट्रैक्टर चालक महेश कश्यप की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने नदी में कूद महिला की जान बचाई। सिटी कोतवाली टीआई कादिर खान ने बताया कि नयामुंडा की राधिका शादीशुदा है अौर उसके दो बच्चे हैं। घटना के तुरंत बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने ले आई।
यहां पूछताछ में महिला ने छोटे भाई की मौत से परेशान होकर नदी में कूदने की बात कही। टीआई ने बताया राधिका पूरी तरह से स्वस्थ है। पुल से नदी में छलांग लगाने की वजह से उसे हल्की चोटें आई है। उनका इलाज मेकाॅज में करवाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस अभी एक राउंड की पूछताछ राधिका से और करेगी। इंद्रावती नदी का नया पुल सुसाइड प्वाइंट बन चुका है। यहां से कूदकर अब तक 12 से ज्यादा लोग अपनी जान दे चुके हैं। ऐसे में यहां पुल के ऊपर लोहे की बड़ी रेलिंग लगवाने का काम चल रहा है।
ट्रैक्टर चालक महेश कश्यप।
महिला को इलाज के लिए ले जाते पुलिस कर्मी।