जगदलपुर. प्री बीएससी नर्सिंग का परीक्षा देतीं छात्राएं।
जगदलपुर | व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने गुरूवार को प्री बीएससी नर्सिंग परीक्षा का आयोजन किया। इसके लिए शहर में 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल रजिस्टर्ड 3350 में से 2666 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। इसमें भौतिकी, रसायन, वनस्पति शास्त्र और प्राणी शास्त्र विषयों से 25-25 नंबर यानी कुल 100 नंबर के प्रश्न पूछे गए। फिजिक्स में संधारित्र में संचित विद्युत विभव ऊर्जा का मान क्या है जैसा प्रश्न पूछा गया। रसायन शास्त्र में मौलर चालकता किसकी अधिकतम और एनओ का बंध क्रम क्या है, जैसे औसत दर्जे के सवाल शामिल थे। वहीं प्राणी शास्त्र में कौन सी छिपकली जहरीली होती है एवं जर्मप्लाज्म की निरंतरता की थ्योरी किसके द्वारा दी गई जैसे सरल प्रश्न पूछे गए। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक एक शिफ्ट में हुई। परीक्षा प्रभारी डिप्टी कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने बताया कि सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई।
ओरिजनल आईडी से दिक्कत हुई : प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के अनुभव की कमी के कारण कई विद्यार्थी ओरिजनल आईडी को लेकर परेशान दिखे। बावजूद व्यवस्था सभी जगह सुचारू रही। परीक्षा के बाद कुछ परीक्षार्थियों ने भास्कर के साथ अपने अनुभव साझा किए। दरभा क्षेत्र के महेंद्र कुमार, उपनपाल की दयमति गोयल और बास्तानार की पूर्णिमा गावड़े ने कहा कि 11वीं और 12वीं के पाठ्यक्रम से सारे सवाल पूछे गए थे। 75 से 80 प्रतिशत सवाल औसत और सरल थे। जिन छात्र-छात्राओं ने हायर सेकंडरी स्तर पर नियमित पढ़ाई की है, उनके लिए पेपर कोई कठिन नहीं था। हालांकि बोर्ड परीक्षा और इसमें काफी फर्क है। प्रतियोगी परीक्षा में अभ्यास करने की ज्यादा जरूरत होती है।