जगदलपुर| युवा बस्तर क्रिकेट संघ की ओर से लालबाग आयोजित वन डे क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को परचनपाल और बीडीसीए टीम के बीच मुकाबला हुआ। 50-50 ओवर के इस मैच में परचनपाल की पूरी टीम 23वें ओवर में ही 116 रन पर आउट हो गई। बीडीसीए की टीम ने 14वें ओवर में ही मैच जीत लिया।
टास जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला परचनपाल की टीम ने लिया, जो उस समय गलत साबित हुआ जब एक रन पर ही उनके 2 खिलाड़ी आउट हो गए। 13वें ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 45 रन बन पाया था। विपक्षी टीम के गेंदबाज आकाश ने 5 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। परचनपाल की पूरी टीम 23वें ओवर में 116 रन बनाकर आउट हो गई। पूरे मैच में एक मात्र 51 रन की साझेदारी अस्तु और सागर के बीच हुई। सागर ने 30 बाल खेल कर 32 रन बनाए।
63 रन बनाने वाले अक्षय को मैन ऑफ द मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीडीसीए की टीम के सलामी बल्लेबाज जहांउद्दीन एक रन पर आउट हो गया। इसके बाद मैदान पर आए आल राउंडर आकाश ने 26 गेंदों में 5 चौके लगाकर 30 रन बनाए। वहीं अक्षय ने 46 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। 14वें ओवर में ही टीम ने परचनपाल को करारी शिकस्त दी। 63 रन की पारी खेलने व 2 विकेट लेने पर अक्षय को को मैन आॅफ द मैच चुना गया।
50 ओवर तक पूरे नहीं खेल पा रहे खिलाड़ी
बस्तर जिला क्रिकेट संघ के सचिव केदार ठाकुर ने बताया कि बड़े मुकाबलों के लिए खिलाड़ी तैयार करने के मकसद से प्रतियोगिता आयोजित की है। इसमें 25 से 30 ओवर के अंदर कई टीमें पवेलियन वापस लौट रही है।