भानपुरी के बालेंगा में बस की चपेट में आकर युवक की मौत
जगदलपुर | रायपुर रोड पर भानपुरी के बालेंगा में बुधवार की दोपहर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जगदलपुर के प्रतापगंज पारा में रहने वाला 49 वर्षीय मनीराम निषाद सुबह एक दोस्त के साथ अपने मामा के घर बालेंगा गया था। दोपहर में 12 बजे मनीराम साथ गए मित्र को अपने ममेरे भाई लखन निषाद के होटल में बिठा कर पास ही में स्थित तालाब की ओर अपनी हीरो पुक से गया। इसी बीच जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही महेंद्रा ट्रैवल्स की बस क्रमांक सीजी 04-3603 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते युवक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची। ड्राइवर को गिरफ्तार कर बस जप्त की गई। मृतक के पीएम के बाद शव उसके परिजनों को सौंपा गया।