शहर में 8 दिन तक आठ घंटे बिजली बंद कर होगा मेंटेनेंस
जगदलपुर | बारिशों के दौरान लोगों को बिजली की बेहतर सप्लाई मिले, इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी ने प्री मानसून मेंटेनेंस की तैयारियां शुरू कर दी है। 21 से 29 मई के बीच शहर के 48 वार्डों में बिछे बिजली तारों के साथ ट्रांसफार्मरों के रखरखाव का काम किया जाएगा। इस दौरान जिस वार्ड में काम होगा उस इलाके में सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक 8 घंटे बिजली बंद रहेगी। किस दिन कहां लाइन बंद किया जाएगा, इसका शेड्यूल जल्द ही कंपनी के अधिकारी जारी करेंगे।
मेंटेनेंस के दौरान लोगों को ज्यादा दिक्कत न हो, इसे ध्यान में रखते हुए लाइनों को छोटे-छोटे सेक्शन में बांटकर काम किया जाएगा। इसके लिए लंबी लाइनों पर एयर ब्रेक स्विच लगाए जाएंगे। विद्युत वितरण कंपनी के डिवीजनल इंजीनियर पीएन सिंह ने बताया कि बारिश में बिजली सप्लाई बाधित न हो इसलिए प्री मानसून मेंटेनेंस जरूरी होती है। 9-10 दिन तक यह काम शहर में चलेगा। इसका शेड्यूल अधिकारियों को एक-दो दिन में दे दिया जाएगा।
आंधी से शार्ट सर्किट होने पर शेड्यूल का काम बाद में होगा : बरसात में आंधी-तूफान चलने से सड़क किनारे लगे पेड़ों की टहनियां बिजली की तारों पर गिरती है। ऐसा होते ही शार्ट सर्किट हो जाता है। कंपनी ने यह भी तय किया है कि जिस दिन ऐसे हालात बनते हैं तो उस दिन के शेड्यूल को काम के आखरी दिन के बाद कराया जाएगा।
एयर ब्रेक स्विच से कम एरिया में लोग होते हैं प्रभावित
3 या 4 किमी लंबी लाइन में मेंटेनेंस करना रहता है तो एक निश्चित दूरी पर डेढ़ से 2 किमी के बाद एयर ब्रेक स्विच लगाकर काम किया जाता है। इसका फायदा यह होता है कि जहां यह स्विच लगा रहता है उसे ऑफ करने पर सिर्फ उतने ही एरिया में बिजली की सप्लाई बंद होती है। मेंटेनेंस के दौरान शहर की 11 और 33 केवीए की लाइनों पर 20 नए एबी स्विच लगाए जाएंगे।