सुहागिनों ने बरगद की पूजा कर फेरे लगाए, पति की लंबी उम्र मांगी
जगदलपुर | अखंड सुहाग के लिए सुहागिनों ने मंगलवार को वट सावित्री व्रत रखा। भगवान ब्रह्मा, सावित्री, सत्यवान और वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने पति की लंबी आयु की कामना की। नगर के भंगाराम चौक के पास वटवृक्ष की पूजा के लिए महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। सूत के धागे को वटवृक्ष में लपेटकर तीन बार परिक्रमा करते हुए सती सावित्री एवं सत्यवान की कथा सुनी। पूजा समाप्त होने के बाद वस्त्र व फल आदि का दान कर महिलाओं ने पति की लंबी आयु का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान महिलाओं ने चने का प्रसाद भी वितरित किया। महिलाओं ने बताया कि सनातन धर्म में वट सावित्री व्रत को करवाचौथ के समान ही माना गया है। ऐसी मान्यता है कि सती सावित्री ने पति सत्यवान की मृत्यु होने पर यह व्रत रखकर यमराज से सत्यवान के प्राण बचाए थे। जिसके बाद से ही यह व्रत महिलाएं ज्येष्ठ माह कृष्ण पक्ष की अमावस्या को रखती हैं।
दंतेवाड़ा में महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा की
दंतेवाड़ा | महिलाओं ने मंगलवार को वट सावित्री व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा की। वहीं वट वृक्ष पर धागा लपेटकर पति की दीर्घायु की कामना की।
जगदलपुर. वट सावित्री की पूजा में वट वृक्ष में सूत लपेटती महिलाएं।