बस्तर ब्लाक के बागमोहलई के 12 बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए हैं। पहले इन्हें बस्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था जिसके बाद इन बच्चों को महारानी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक ये 19 बच्चे शनिवार की सुबह आंगनबाड़ी में चावल-दाल के साथ कुम्हड़ा की सब्जी खाए थे। इसके बाद इनकी तबियत बिगड़ने लगी। बच्चों ने रात में घर में भी खाना खाया। बच्चों को उल्टी दस्त और बुखार की शिकायत के बाद पहले बस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन वहां डॉक्टर के न होने से इन्हें रविवार को महारानी हास्पिटल लाया गया। उप सरपंच धनेश्वर कश्यप ने बताया कि बच्चों की तबियत आंगनबाड़ी केंद्र में भोजन के बाद से ही खराब होने लगी थी। इनकी उम्र 3 से 6 वर्ष के बीच की बताई गई है। सरपंच मानसिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पौष्टिक आहार दिया जाना है। लेकिन इसकी जांच तक कोई नहीं करता।
महिला एवं बाल विकास विभाग की लापरवाही से बच्चों की जान पर बन आई है। सहायिका के मुताबिक सुबह 11 बजे भोजन के बाद दोपहर 2 बजे के आसपास बच्चों की तबियत खराब होने लगी थी।