पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • निगम ने हटवाई 20 अवैध होर्डिंग, नियमों के तहत फिर से लगवाने के लिए कारोबारी लगा रहे चक्कर

निगम ने हटवाई 20 अवैध होर्डिंग, नियमों के तहत फिर से लगवाने के लिए कारोबारी लगा रहे चक्कर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में लगे अवैध होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई के बाद अब वैध तरीके से होर्डिंग लगाने नगर निगम में आवेदन जमा करने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। इसमें व्यापारियों के साथ ही कई संस्थाओं के लोग शामिल हैं। इस नई कवायद से अब आने वाले दिनों में नगर निगम को राजस्व भी मिलेगा।

निगम आयुक्त के नेतृत्व में बुधवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 20 होर्डिंग्स हटाए गए। ये सभी होर्डिंग्स बगैर अनुमति के लगाए गए थे। कार्रवाई के दौरान चांदनी चौक से लेकर मिताली चौक तक वृक्षों, स्ट्रीट लाइट, डिवाईडर के पोल में लगाए गए छोटे होर्डिंग्स जब्त कर लिए गए हैं। शहर में अवैध तरीके से बगैर अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाने की होड़ मची थी। जिसकी जहां इच्छा वहीं होर्डिंग्स लगा देता था, जिससे नगर निगम को राजस्व का सीधा नुकसान हो रहा था। राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जो होर्डिंग्स हटाए गए हैं उसमें सभी होर्डिंग निर्धारित से ज्यादा समय से लगी हुई थी।

कैरीबैग प्रतिबंधित फिर भी धड़ल्ले से इस्तेमाल

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दिसंबर 2014 में राज्य शासन ने सबसे पहले पॉलीथिन के केरीबैग पर प्रतिबंध लगाया था। इसकी रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई भी की गई। वहीं कार्रवाई रुकते ही फिर सब कुछ पहले जैसा हो गया। ठेले वाले, किराना दुकान संचालक आदि फिर प्रतिबंधित केरीबैग का बेधड़क इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि राज्य शासन के निर्देश पर अब शहरों में लगने वाले पीवीसी के होर्डिंग्स, फ्लैक्स, फोम बोर्ड, बैनर प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। निगम आयुक्त ने एक आदेश जारी कर सभी प्रतिबंधित प्रचार सामग्रियों को शहर में नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि निगम से अनुमति लेकर कोई भी व्यापारी या संस्था तीन हजार रुपए जमा कर शहर में कहीं पर भी एक महीने तक होर्डिंग लगा सकता है।

प्रदूषण दूर करने प्लास्टिक गिलास, कप भी होंगे जब्त

पर्यावरण संरक्षण मंडल ने शहर में बड़े पैमाने पर बिकने वाले प्लास्टिक के गिलास, कप, चम्मच, बाउल, प्लेट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। कारण बताया गया है कि इससे नालियां जाम होती हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। निगम ने अभी बैनर, फ्लैक्स हटाने के लिए कहा है। अब जिला प्रशासन भी गिलास, प्लेट आदि जब्त करने के लिए जल्द अभियान चलाएगा। शहर में इन प्रतिबंधित सामग्रियों की भरमार है। थोक दुकानों के अलावा चिल्हर दुकान और पान ठेलों में भी गिलास, प्लेट आदि आसानी से देखे जा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...