शहर से लेकर देहात इलाकों में विद्युत वितरण कंपनी इस समय प्राथमिकता के आधार पर लगातार नए कनेक्शन दे रही है। वहीं खास तौर पर पावर सप्लाई के पुराने सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा रहा है।
अघनपुर सब स्टेशन में अभी तक धरमपुरा के 33 केवीए के पावर स्टेशन से सप्लाई आ रही थी। यहां से फिर संजय बाजार, मोती तालाब पारा क्षेत्र में सप्लाई आती है। इन इलाकों में अकसर लाइट की समस्या रहती थी। इसे दूर करने के लिए कंपनी के अफसरों ने अघनपुर को धरमपुरा से आने वाले फीडर से अलग कर दिया है। वहीं अघनपुर में पहले से 3150 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। अब वहां सब स्टेशन की क्षमता को बढ़ाते हुए 5000 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। 40 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र के 5 हजार उपभोक्ताओं को क्वालिटी लाइट मिलेगी। साथ ही इन क्षेत्रों में बार बार बिजली की होने वाली आंख मिचौली से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
ऐसे समझ सकते हैं लोड शिफ्ट को पूरे इलाके में
धरमपुरा क्रमांक 3 में स्थित सब स्टेशन से निकलने वाले फीडर से सप्लाई 3 किमी की दूरी तय कर के अघनपुर तक पहुंचती है। अब अघनपुर से सीधे मेन रोड पर साईं मंदिर के पास से निकल कर लाइन हाउसिंग बोर्ड कालोनी,ब्रिज राज नगर,अनुपमा चौक से होते हुए हिकमीपारा, संजय बाजार,बैला बाजार तक पहुंचेगी। विद्युत वितरण कंपनी के डिवीजनल इंजीनियर पीएन सिंह ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने के साथ साथ सब स्टेशन के अंदर भी सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है। अघनपुर में लोड शेयर होने से लोगों को काफी फायदा होगा।
3 किमी से ज्यादा कम होगी लाइन की लंबाई, इसलिए मिलेगी बेहतर सप्लाई, समस्या का तुरंत होगा समाधान
शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र बिजली की तारों की लंबाई जितनी कम होगी उतनी लोगों को सप्लाई बेहतर मिलती है। अब जब अघनपुर धरमपुरा से अलग होगा तो लाइन लेंथ अपने आप छोटी हो जाएगी। इस तरह नए सिस्टम से करीब तीन किमी की दूरी कम होनी है। दूसरा बड़ा फायदा छोटी लाइन का यह रहता है कि अचानक कहीं कोई फाल्ट आ जाता है तो सुधार में कोई ज्यादा समय नहीं लगता और बहुत छोटे एरिया में लाइट बंद होती है।
मानसून आने से पहले ही मिल जाएगी राहत लोगों को
अघनपुर सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा दस बार बिछाने का काम भी पूरा हो रहा है। इसे देखते हुए कंपनी के अफसर दावा कर रहे हैं कि किसी भी हालत में अगले 10 दिनों के अंदर नई व्यवस्था को शुरू कर दिया जाएगा। मानसून के दौरान जब ज्यादा समय तक बारिश होती है तो बिजली को लेकर सब से अधिक परेशानी दलपत सागर वार्ड,मोती तालाब पारा और संजय बाजार क्षेत्र के लोगों को होती है। इस बार बारिश का सीजन शुरू होने से पहले ही लोगों को इस परेशानी से निजात मिलेगी।