दो नर्सिंग होम में लापरवाही, शो-कॉज नोटिस जारी
जिले के दो प्राइवेट नर्सिंग होम की 10 मई को जिला प्रशासन ने जांच की, जिसमें लापरवाही पाई गई। बंसल नर्सिंग होम के ऑपरेशन कक्ष से जहां बदबू आ रही थी, वहीं काले नर्सिंग होम में मरीजों के लिए रैंप और व्हीलचेयर भी नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग ने अब सभी फर्जी डाॅक्टर्स, प्राइवेट नर्सिंग होम और पैथॉलाजी सेंटर की जांच करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य विभाग इस काम में नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों का साथ लेगा।
नर्सिंग होम की लगातार शिकायत मिलने पर 10 मई को कलेक्टर धनंजय देवांगन के निर्देश पर सहायक कलेक्टर राहुल देव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने शहर के दो प्राइवेट नर्सिंग होम और एक डॉयग्नोस्टिक सेंटर की जांच की। इस दौरान तीनों जगहों पर लापरवाही पाई गई।
इसके बाद सभी को शो-काॅज नोटिस जारी किया गया। बीएमओ और नर्सिंग होम एक्ट के प्रभारी डॉ. वीके ठाकुर ने कहा कि नर्सिंग होम और डॉयग्नोस्टिक सेंटर में लापरवाही पाए जाने के बाद अब अन्य डॉयग्नोस्टिक सेंटर, पैथॉलाजी सेंटर और फर्जी डॉक्टरों की जांच की योजना बनाई गई है। इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। बीएमओ ने कहा कि इस समय जिले में करीब 50 से अधिक पैथॉलाजी सेंटर और चार प्राइवेट नर्सिंग होम हैं। इनकी जांच आने वाले दिनों में नर्सिंग होम एक्ट के तहत की जाएगी। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. विजय गिरी गोस्वामी, बीएमओ डॉ. डी राजन और नगर निगम के स्वच्छता निरीक्षक हेमंत श्रीवास शामिल थे।
कार्रवाई
मरीजों के लिए नहीं थी व्हीलचेयर, ऑपरेशन कक्ष से आ रही थी बदबू, अब लगातार चलाया जाएगा अभियान
इमरजेंसी किट अव्यवस्थित थी, प्रमाणपत्र भी नहीं था
10 मई को सहायक कलेक्टर और जिला प्रशासन ने बंसल नर्सिंग होम के आपरेशन कक्ष की जांच की थी, जहां जरूरी शर्तों को अनुकूल नहीं पाया गया था। जांच में अधिकारियों ने पाया था कि आपरेशन के दौरान उपयोग की जाने वाली इमरजेंसी किट अव्यवस्थित थी। कमरा साफ था, लेकिन कमरे से बदबू आ रही थी। जांच दल के सदस्यों ने बताया कि काले नर्सिंग होम में इलेक्ट्रिशियन के पास अधिकृत प्रमाणपत्र नहीं था और अग्निशामक यंत्र भी एक्सपायरी पाया गया। इसके अलावा यहां मरीज के लिए रैंप और व्हीलचेयर भी नहीं था।
खामियों को दूर करेंगे: डॉ. अविनाश
चिखलीकर डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक डॉ. अविनाश चिखलीकर ने बताया कि जिला प्रशासन को उनके सेंटर की जांच में काेई बड़ी खामी नहीं मिली थी। कामन गलियों पर नोटिस दिया है। जल्द इन खामियों को दूर किया जाएगा।
अभी आपरेशन कक्ष में हूं: डॉ. मनीष काले
काले नर्सिंग होम के संचालक डॉ. मनीष काले ने कहा कि वे अभी आपरेशन कक्ष में हैं। इस मामले में बाद में कुछ कह पाएंगे।
पक्ष जानने डॉ. सुकृति बंसल ने नहीं उठाया फोन
बंसल नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. सुकृति बंसल से जांच के बाद दी गई नोटिस के संबंध में चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया।