बस स्टैंड सर्किल पर 27 साल बाद अांबेडकर की प्रतिमा लगाई
जहाजपुर. बसस्टैंड सर्किल पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लोकार्पण समारोह को संबोधित करते प्रधान शिवजीराम मीणा।
भास्कर संवाददाता | जहाजपुर
कस्बे में 27 साल बाद आंबेडकर प्रतिमा लगाने का सपना पूरा हुआ। शुक्रवार को बस स्टैंड सर्किल पर डॉ. भीमराव अांबेडकर की प्रतिमा का लोकार्पण भीम सेना के तत्वावधान में प्रधान शिवजीराम मीणा ने किया। सर्किल पर आंबेडकर प्रतिमा लगाने की घोषणा परिवर्तन यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की थी।
भीम सेना के जिलाध्यक्ष गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता 6 फीट ऊंची प्रतिमा लेकर सर्किल पर पहुंचे। क्रेन की मदद से आंबेडकर सर्किल पर प्रतिमा लगाई गई। प्रधान मीणा ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान भीम सेना के जिलाध्यक्ष मीणा, संरक्षक गोकुल खटीक, पूर्व प्रधान राम कुमार मीणा, पार्षद महेश मीणा, महेंद्र्र मीणा, अजय मीणा, ललित रैगर, दुर्गा, सूरज मीणा, कैलाश टेपण, शैतान सिंह बारेठ, महेंद खटीक आदि मौजूद थे।
भीम सेना के जिलाध्यक्ष मास्टर गोपीचंद और प्रधान शिवजीराम मीणा के प्रयास रंग लाए
प्रतिमा के लोकार्पण पर भीम सेना ने आतिशबाजी की
प्रतिमा लोकार्पण समारोह के बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रधान मीणा ने कहा कि आंबेडकर सर्किल पर प्रतिमा लगाने की स्वीकृति राज्य सरकार ने दी। उन्होंने कहा कि आंबेडकर के आदर्शों और सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करें। भीम सेना के जिलाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने कहा कि आंबेडकर की प्रतिमा स्वीकृति के लिए प्रधान मीणा के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल का भी सहयोग रहा। 27 साल बाद यह सपना साकार हुआ है। आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक वेद प्रकाश खटीक, मीणा समाज के अध्यक्ष किशन लाल मीणा ने भी विचार रखे। प्रतिमा लोकार्पण के दौरान भीम सेना के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। आयोजन से अांबेडकर विचार मंच के पदाधिकारियों ने दूरी बनाए रखी।