कस्बे में गुरुवार को शव यात्रा लेकर श्मशान घाट पहुंचे लोगों को अधूरी पुलिया से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य कराने वाली सरस्वती कंस्ट्रक्शन कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांडलगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की कतारें लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से समझाइश कर जाम खुलवाया। मौके पर कंपनी की जेसीबी पहुंची। जिसने श्मशान का रास्ता ठीक किया।
इसके बाद दाह संस्कार किया गया। लोगों का कहना है कि कंस्ट्रक्शन कंपनी की अनदेखी से लंबे समय से पुलिया का निर्माण अटका है। पुलिया का काम अधूरा होने से श्मशान का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। नेशनल हाईवे निर्माण कार्य करा रही कंपनी कार्य में लापरवाही कर रही है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के नरेश चौधरी ने बताया कि सड़क का निर्माण जारी है। जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।