कस्बे के बस स्टैंड से बेरीखान चौराहे तक बनने वाले ढाई करोड़ की लागत के गौरव पथ का काम फिर शुरू हो सकेगा। अतिक्रमण के कारण 14 महीने से सड़क का काम अटका था।
शुक्रवार को उपखंड अधिकारी उम्मेदसिंह की अगुवाई में जेसीबी से अतिक्रमण हटा दिया गया। दो घंटे चली कार्रवाई में करीब 55 कब्जे हटा दिए गए। अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस व प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा। अतिक्रमियों ने कुछ देर हंगामा भी किया। अधिकारियों से उलझने पर पुलिस ने एक अधेड़ को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने शाम को रुट मार्च निकाला।
तहसील कार्यालय से बस स्टैंड तक सरकारी कार्यालयों के बाहर केबिनें व थड़ियां लगने से गौरव पथ सड़क का काम अटका था। कोटड़ी उपखंड अधिकारी उम्मेद सिंह को जहाजपुर का अतिरिक्त कार्यभार मिलने के बाद अतिक्रमण की समस्या से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने अवगत कराया।
एसडीएम ने पालिका के कार्यवाहक ईओ व तहसीलदार ओमप्रकाश जैन, डीवाईएसपी रामेश्वर लाल परिहार, थाना प्रभारी पन्ना लाल जांगिड़, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता गेगा राम मीणा, अनिल कुमार वर्मा की बैठक लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के बाद शाम को थाना प्रभारी पन्नालाल जांगिड़ की अगुवाई में पुलिस ने रुट मार्च निकाला।