पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गौरव पथ में बाधा बने 55 अतिक्रमण हटाए, लोगों ने कार्रवाई का विरोध कर हंगामा किया, पुलिस से उलझे अधेड़ को पकड़ा

गौरव पथ में बाधा बने 55 अतिक्रमण हटाए, लोगों ने कार्रवाई का विरोध कर हंगामा किया, पुलिस से उलझे अधेड़ को पकड़ा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे के बस स्टैंड से बेरीखान चौराहे तक बनने वाले ढाई करोड़ की लागत के गौरव पथ का काम फिर शुरू हो सकेगा। अतिक्रमण के कारण 14 महीने से सड़क का काम अटका था। शुक्रवार को उपखंड अधिकारी उम्मेदसिंह की अगुवाई में जेसीबी से अतिक्रमण हटा दिया गया। दो घंटे चली कार्रवाई में करीब 55 कब्जे हटा दिए गए। अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस व प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा।

अतिक्रमियों ने कुछ देर हंगामा भी किया। अधिकारियों से उलझने पर पुलिस ने एक अधेड़ को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने शाम को रुट मार्च निकाला।

तहसील कार्यालय से बस स्टैंड तक सरकारी कार्यालयों के बाहर केबिनें व थड़ियां लगने से गौरव पथ सड़क का काम अटका था। कोटड़ी उपखंड अधिकारी उम्मेद सिंह को जहाजपुर का अतिरिक्त कार्यभार मिलने के बाद अतिक्रमण की समस्या से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने अवगत कराया। एसडीएम ने पालिका के कार्यवाहक ईओ व तहसीलदार ओमप्रकाश जैन, डीवाईएसपी रामेश्वर लाल परिहार, थाना प्रभारी पन्ना लाल जांगिड़, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता गेगा राम मीणा, अनिल कुमार वर्मा की बैठक लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के बाद शाम को थाना प्रभारी पन्नालाल जांगिड़ की अगुवाई में पुलिस ने रुट मार्च निकाला।

अतिक्रमण हटाने के दौरान थानाधिकारी से उलझता अधेड़।

सड़क के बीच बनेगा डिवाइडर, लगेंगे पौधे : पालिका के कार्यवाहक ईओ एवं तहसीलदार ओम प्रकाश जैन ने बताया कि गौरव पथ सड़क के आसपास सरकारी कार्यालय हैं। सड़क के बीच डिवाइडर बनाकर पौधरोपण किया जाएगा। रोड लाइटें भी लगेगी।

बिजली लाइनें ठीक करने में लगे 6 घंटे, लोग हुए परेशान : अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए बिजली आपूर्ति बंद करा दी। कुछ केबिनों के बिजली कनेक्शन हटाए। कार्रवाई के बाद लाइनों को ठीक करने में निगम को 6 घंटे लग गए। दोपहर 3 बजे बंद हुई बिजली रात 8:15 बजे सुचारू हुई, लेकिन बार-बार बिजली बंद होती रही। इससे लोग परेशान रहे।

खबरें और भी हैं...