दीनदयाल अंत्योदय मिशन का शिल्पकला महोत्सव आज से
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) के अंतर्गत राजस्थान में पहली बार शहरी क्षेत्रों में गठित महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से शनिवार से हस्त शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए शिल्पकला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव जेकेके के शिल्पग्राम में 22 अप्रैल तक चलेगा। महोत्सव का शुभारंभ शाम 4 बजे राजस्थान राज्य वित्त आयोग की अध्यक्ष डाॅ. ज्योति किरण करेंगी।
डीएलबी डायरेक्टर पवन अरोड़ा ने बताया कि शिल्प कला महोत्सव में राज्य के सभी जिलों से दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित 150 स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित राजस्थान की लोक कला एवं संस्कृति को दर्शाते उत्पाद बिक्री के लिए प्रदर्शित किए जाएंगे। महोत्सव स्थल पर लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 15 अप्रैल को राजस्थानी लोक गायन, 16 को भवई, घूमर लोक नृत्य, 17 को कालबेलिया नृत्य, 18 को पंजाबी नाइट, 19 को अनप्लग-बॉलीवुड डांस, 20 को बॉलीवुड नाइट डग्गा एंटरटेनमेंट ग्रुप, 21 को राजस्थानी लोक गायन डीनो ग्रुप और 22 अप्रैल को समापन समारोह होगा। महोत्सव का समय प्रतिदिन सुबह 11 से रात 9ः30 बजे तक रहेगा।