पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस ने मोदी का पुतला जलाया

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस ने मोदी का पुतला जलाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर| पेट्रोल-डीजल की दरें बढ़ाए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल वृद्धि वापिस लो, महंगाई वृद्धि कम करो, भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि लगातार पेट्रोल-डीजल की दरें बढ़ाये जाने से महंगाई बहुत ज्यादा बढ़ रही है। आम आदमी की कमर महंगाई के कारण टूट गई है। केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पेट्रोल-डीजल की दरों को लेकर बयानबाजी करके दरें कम करने की बजाय लोगों के घावों पर नमक छिड़क रहे हैं। प्रदर्शन में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दुष्यन्त राज सिंह चूण्डावत, विमल यादव, ज्योति खण्डेलवाल, गंगा देवी, महेश शर्मा, नेतराम गुर्जर, लक्ष्मणदास मोरानी, विष्णु बियानी, पुष्पेंन्द्र भारद्वाज, मुकेश भाटिया, दीपक रामनानी, कमल वाल्मिकी, राजकुमार बागड़ा आदि शामिल रहे।

पायलट और गहलोत बोले-महंगाई बढ़ा रही सरकार

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेट्रोल, डीजल की कीमतों में की जा रही वृद्धि की निंदा की है। पायलट ने कहा कि भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा कर जनता से वोट लिये हैं, लेकिन केंद्र और राज्य में सरकार बनते ही जनता को भूल गई। उधर अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी सरकार महंगे पेट्रोल व डीजल के लिए हमेशा याद रखी जाएगी। नरेन्द्र मोदी उस दौर में पेट्रोल व डीजल की दरों को लेकर यूपीए सरकार को कोसते नहीं थकते थे, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के भाव आसमान छू रहे थे। आज क्रूड ऑयल की दरें अपेक्षाकृत काफी कम है, फिर भी पेट्रोल-डीजल की दरों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं।

धरना-प्रदर्शन करके ढाेंग कर रही कांग्रेस : भाजपा

कांग्रेस के हमले के जवाब में भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के कार्यकाल में आलू, प्याज, चीनी, पेट्रोल, डीजल ने जनता की कमर तोड़ रखी थी। चारों तरफ सब्जियां भी महंगाई दर के चरम पर थी। प्रदेश भाजपा के मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद शर्मा व मीडिया प्रभारी पिंकेश पोरवाल का कहना है कि कांग्रेस राज में गरीबों को राशन, बुजुर्गों को पेंशन के लिए दर-दर भटकना पड़ता था और आज कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर ढोंग कर रहीं है, जबकि जनता जानती है कि कांग्रेस सरकार ने दस साल लगातार संपूर्ण देश में राज कर पेट्रोल डीजल, महंगाई पर नियंत्रण की कोई पालिसी नहीं बनाई।

खबरें और भी हैं...