जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में सोमवार को दिनभर छात्र संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई समर्थक छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर ताला जड़ दिया जिससे बाहर से आए विद्यार्थी और कर्मचारियों को करीब 3 घंटे तक भारी परेशानी हुई। दूर दराज से विवि में कार्य के लिए आए विद्यार्थियों को निराश हो कर लौटना पड़ा, प्रशासनिक भवन में अंदर फंसे विद्यार्थियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से हाथ जोड़ कर ताला खोलने की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर एबीवीपी समर्थक छात्रों ने सुबह से देर शाम तक कुलपति कार्यालय पर जमकर धरना-प्रदर्शन किया, इस दौरान प्रोफेसर एके नगावत का पुतला जलाया।
विवि में दिनभर धरना प्रदर्शन का दौर चला और देर शाम सिंडिकेट की मीटिंग के दौरान भी कुलपति प्रो आरके कोठारी के कार्यालय पर विद्यार्थी प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शनकारी छात्र लॉ कॉलेज के अध्ययनरत छात्रों का उन्हीं के कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाए जाने का विरोध कर रहे थे, इसके साथ ही भर्तियों में धांधली का आरोप लगाते हुए प्रो एके नगावत को हटाने की मांग व एमपैट में बदले नियमों को वापस लेकर फिर से परिणाम घोषित करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी एबीवीपी-एनएसयूआई विद्यार्थियों ने कहा कि कुलपति प्रो आरके कोठारी मनमुताबिक विवि को चला रहे हैं और इस कारण विद्यार्थियों के हितों को दरकिनार किया जा रहा है।