राजस्थान में 50 हजार से ज्यादा लोगों से ठगी
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर | कंपनी की लोकलुभावन स्कीमों में निवेश के नाम पर मोटा लालच देकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले पिनकॉन स्प्रिट ग्रुप के चेयरमैन के सहयोगी को एसओजी ने सेामवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजकुमार राय गाजियाबाद यूपी का रहने वाला है।
आरोपी ने कोलकत्ता में एक ऑफिस खोल रखा था और रोजाना ठगी की राशि का हिसाब-किताब करके चेयरमैन को देता था। देश में ठगी की वारदाते करने के लिए कंपनी की 104 ब्रांचों की आरोपी राजकुमार ही मॉनिटरिंग करता था। एसओजी आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसओजी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कंपनी ने देश के 4.25 लाख और राजस्थान के 50 हजार लोगों के साथ 1000 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की वारदाते की हैं। इस मामले में एसओजी कंपनी के चेयरमैन मनोरंजन राय समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कंपनी ने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश सहित कई प्रदेशों के प्रमुख शहरों से हजारों भोले-भाले लोगों को ठगा है। एक-एक व्यक्ति से कंपनी ने 500 रुपए से 90 लाख रुपए तक की राशि निवेश कराकर ठगी की वारदाते की है। दरअसल पिछले साल अजमेर निवासी संदीप घोष ने एसओजी में ठगी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। परिवादी का आरोप था कि पिनकॉन ग्रुप से एक लुभावनी स्कीम में रुपए निवेश करने पर मुनाफा अर्जित होने संबंधी फोन कॉल्स आए थे। इससे गैंग के झांसे में आकर पीड़ित ने 76 लाख रुपए गैंग के बताए बैंक खाते में जमा करवा दिए। एसओजी नवंबर माह में मामले का खुलासा किया था। पिनकॉन ग्रुप कोलकाता से संबंधित है। ग्रुप का चेयरमैन मनोरंजन राय है। एसओजी के आईजी दिनेश एमएन ने बताया कि खुलासे के बाद आरोपी राजकुमार फरार हो गया था। टीम गाजियाबाद से आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार करके ले आई।