हॉट वेदर क्रिकेट 27 से, सी-डिवीजन 1 मई से
जयपुर | जयपुर जिला क्रिकेट संघ (जेडीसीए) की हॉट वेदर क्रिकेट प्रतियोगिता 27 अप्रैल से शुरू होगी। नॉकआउट आधार पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टीमें 25 अप्रैल तक केएल सैनी स्टेडियम ऑफिस में प्रविष्टि दे सकती हैं। वहीं, सी-डिवीजन लीग 1 मई से आयोजित की जाएगी। लीग कम नॉकआउट टी20 आधार पर खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता के लिए इच्छुक टीमें अपनी प्रविष्टि 28 अप्रैल तक दे सकती हैं।
एकेडमी की शुरुआत आज से
जयपुर जिला क्रिकेट संघ की क्रिकेट एकेडमी 16 अप्रैल से पुन: शुरू हो रही है। केएल सैनी एकेडमी में अभ्यासरत खिलाड़ी 16 अप्रैल से अभ्यास कर सकते है तथा नए खिलाड़ी भी प्रवेश ले सकते हैं। 24-25 अप्रैल को अंपायर्स व स्कोरर्स का सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में जयपुर जिला क्रिकेट संघ के अंपायर्स व स्कोरर्स भाग ले सकेंगे।
उत्कर्ष का नाबाद शतक, अविराज का ‘पंजा’
जयपुर | मैन ऑफ द मैच उत्कर्ष सैनी (163*) के शतक, दक्ष तिवाड़ी (59) के अर्धशतक तथा अविराज (5 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से कोडाई एकेडमी ने हदार कप अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में महाप्रज्ञा एकेडमी को 300 रन से हराया। कोडाई एकेडमी ने 335 रन बनाए। महाप्रज्ञा की टीम मात्र 35 रन ही बना सकी। आदित्य ने 3 विकेट लिए।
दर्शन का शतक, विजय को चार विकेट
जयपुर | मैन ऑफ द मैच दर्शन जैन (105*) के शतक, हर्षित सिंह (57*) के अर्धशतक तथा विजय शर्मा (5/4) की शानदार गेंदबाजी से दिशा एकेडमी ने अंडर-14 दिशा कप में कैंडलविक एकेडमी को 142 रन से हराया। दिशा एकेडमी ने पहले खेलते हुए 1/211 रन बनाए। गौतम सोनी ने 30 रन बनाए। कैंडलविक एकेडमी की टीम 20.4 ओवर में 69 रन ही बना सकी। निलभ ने 6/2 विकेट लिए।
कृष्ण कुमार अंडर-19 जेडसीए कैंप में फास्ट बॉलिंग कोच बने
जयपुर | राजस्थान के रणजी प्लेयर और पूर्व तेज गेंदबाज पी. कृष्ण कुमार को बीसीसीआई ने सेंट्रल जोन अंडर-19 जेडसीए कैंप के लिए तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। यह कैंप 23 अप्रैल से 17 मई तक भुवनेश्वर में लगेगा। कृष्ण कुमार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में कार्यरत है।