घरेलू क्रिकेट के संचालन के लिए कुछ दिन पहले जोशी गुट और नांदू गुट ने अलग-अलग कमेटियां गठित की थीं। जोशी गुट की कमेटी ने सोमवार को बैठक की और घरेलू क्रिकेट का कैलेंडर जारी कर दिया। 4 जून से अंडर-19 ग्रुप लीग मैचों से घरेलू सत्र की शुरुआत होगी और यह दिसंबर तक चलेगा। यह कैलेंडर सीपी जोशी की ओर से बीसीसीआई को भेजा गया है। 10 शहरों में मैचों का आयोजन किया जाएगा।
बोर्ड से पैसे नहीं मिले तो मुश्किल
कैलेंडर तो जारी हो गया। लेकिन आरसीए में जिस तरह से दो-दो गुट हैं उससे ऐसी संभावना कम ही लग रही है कि घरेलू कैलेंडर के लिए कोषाध्यक्ष पिंकेश जैन और आर.एस. नांदू पैसा रिलीज करेंगे। इसके लिए बीसीसीआई से पैसा आना जरूरी है। एक घरेलू सीजन में करीब 10 करोड़ रुपए का खर्चा होता है। बोर्ड से पैसे के बिना यह संभव नहीं होगा। बीसीसीआई को इसके लिए पैसे रिलीज करने के लिए भी लिखा गया है।
कब बनेगी सेलेक्शन कमेटी
घरेलू कैलेंडर तो जारी हो गया। लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन को आंकने के लिए सेलेक्टर्स की भी आवश्यकता होती है। इस बारे में संचालन कमेटी के अध्यक्ष अशोक ओहरी ने कहा, हमारा काम कैलेंडर जारी करना था। अब सेलेक्शन कमेटी के बारे में फैसला करना एक्जीक्यूटिव कमेटी का काम है। उम्मीद है जल्द ही यह काम भी हो जाएगा। हां, यह तय है कि घरेलू कैलेंडर 4 जून से ही शुरू होगा।
अंडर-19 से होगा आगाज, 10 शहरों में होंगे मैच
नांदू से सहयोग की आस
संचालन कमेटी के कन्वीनर देवाराम चौधरी ने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि आर.एस. नांदू भी इसमें पूरा सहयोग करेंगे। मुझे नहीं लगता कि वे बच्चों के भविष्य से किसी तरह का खिलवाड़ करेंगे। उल्लेखनीय है कि नांदू देवाराम को कन्वीनर बनाए जाने का विरोध पहले ही कर चुके हैं।