सोशल रिपोर्टर. जयपुर | सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्कूल की दो टीचर्स पर एक छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप की शिकायत सहित 10 छात्र-छात्राओं से मिली शिकायतों और स्कूल की अव्यवस्थाओं पर सोमवार को बाल संरक्षण आयोग बोर्ड की मीटिंग में चर्चा की गई। बैठक में बोर्ड ने शिकायतों को गंभीरता से लिया और स्कूल पर लगातार निगरानी के लिए 3 सदस्यीय कमेटी गठित की। निगरानी कमेटी में आयोग सदस्य एसपी सिंह, सीमा जोशी व जयश्री गर्ग को इसमें शामिल किया गया है। कमेटी शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति के सदस्यों से भी सहयोग ले सकेगी।यह कमेटी 3 माह तक स्कूल में विजिट व निगरानी करेगी। साथ ही आयोग ने छात्रा की कॉपियां मंगवाकर बाहर के विषय विशेषज्ञों से चैक कराने के लिए पहुंचा दी हैं। उल्लेखनीय है एसएमएस स्कूल की एक नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट छात्रा ने स्कूल की दो टीचर्स के खिलाफ प्राइवेट ट्यूशन के लिए दबाव बनाने सहित अन्य आरोप लगाए। जब बोर्ड गत सोमवार इसकी सुनवाई कर रहा था तो 10 अन्य छात्र-छात्राओं ने भी टीचर्स व स्कूल के खिलाफ शिकायत दी थी।
इस पर उसके अगले दिन 15 मई को बोर्ड अध्यक्ष व सदस्यों ने स्कूल की विजिट भी की थी। तब वहां कई अव्यवस्थाएं मिलीं। आयोग सदस्यों का मानना था कि टीचर्स और प्रिंसिपल की आपसी खींचतान के कारण बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है।
बाल आयोग ने बनाई कमेटी, 3 माह करेगी निगरानी