पीएफ-ईएसआई की 1.73 करोड़ राशि के गबन का आरोप, केस दर्ज
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर | एक सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी के ठेकेदार द्वारा शासन सचिवालय में संविदा पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पीएफ और ईएसआई के पौने दो करोड़ रुपए का गबन करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शासन सचिवालय विभाग के सहायक शासन सचिव रमेश चन्द मीणा ने शुक्रवार रात अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार 2008 मेंं मैसर्स जनता सिक्युरिटी सर्विसेज जयपुर को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का ठेका दिया गया था, जिसके खाते में विभाग की ओर से कर्मचारियों के रुपए जमा कराए गए थे। आरोप है कि ठेकेदार समुद्र सिंह ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को तनख्वाह का भुगतान करता रहा, लेकिन कर्मचारियों के पीएफ और ईएसआई की रकम को जमा नहीं कराया। वर्ष 2016 में समुद्र सिंह ने काम छोड़ दिया। कर्मचारियों की शिकायत पर पता चला कि ठेकेदार समुद्र सिंह ने ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों के पीएफ और ईएसआई के 1 करोड़ 73 लाख रुपए का गबन किया है। इसके बाद विभाग ने ठेकेदार पर पीएफ और ईएसआई की राशि और इसका ब्याज तथा पेनल्टी की राशि का गबन करने का आरोप लगाते हुए वसूली के लिए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।