सफाई कर्मचारियों की भर्ती में सफाई अनुभव प्रमाण-पत्र मांगने पर विवाद
सिविल सर्विस परीक्षा से लेकर क्लर्क तक की भर्ती में शामिल होने के लिए भले ही अनुभव जैसी कोई शर्त नहीं हो, लेकिन राज्य में सफाई कर्मचारियों की भर्ती में शामिल होने के लिए सफाई का अनुभव जरूरी है। भर्ती में वे ही आवेदक शामिल हो पाएंगे, जो प्रमाण-पत्र के माध्यम से ये साबित करेंगे कि उन्हें सफाई करने का न्यूनतम एक साल का अनुभव है। भर्ती के इसी प्रावधान पर विवाद खड़ा हो गया है। सफाई यूनियनों, फैडरेशन से जुड़े पदाधिकारियों ने यह आपत्ति जताई है कि सफाई के अनुभव को लेकर न तो क्लीयरिटी है और ना ही इसे मांगने का कोई औचित्य भी समझ में आता। उन्होंने इससे गड़बड़ी व भ्रष्टाचार होने की आशंका भी जताई है।
स्वायत्त शासन विभाग ने सफाई कर्मचारियों की 21,136 पदों पर निकायवार सीधी भर्ती निकाली है। सर्वाधिक 4961 पद जयपुर में हैं। गाइडलाइन के अनुसार अनुभव प्रमाण-पत्र नगर निगम स्तर के लिए उपायुक्त, नगर परिषद-नगर पालिका में आयुक्त-अधिशासी अधिकारी से बनवाना होगा।
अनुभव प्रमाण-पत्र पर यह उठे सवाल
इससे गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की आशंका रहेगी
सफाई का असल क्राइटेरिया किसे माना जाए? जब क्लर्क तक की भर्ती में किसी अनुभव की जरूरी नहीं है, तो यहां क्यांे? होना यह चाहिए कि अन्य सेवाओं की तरह चयन के बाद ट्रेनिंग देकर कर्मचारियों को तैयार किया जाए। मामले में विभाग के सामने पक्ष रखा जाएगा। प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता से अनियमितता व भ्रष्टाचार की भी आशंका रहेगी। -भागचंद श्रीमाल, प्रांतीय अध्यक्ष, राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फैडरेशन
दिहाड़ी सफाई मजूदर प्रमाण पत्र कहां से लाएंगे?
सफाई अनुभव के मामले में विभाग को विस्तृत रूप से स्थिति साफ करनी चाहिए। निकायों में पूर्व में ठेके पर काम कर चुके कार्मिकों को तो प्रमाण-पत्र मिल जाएगा, लेकिन प्राइवेट सेक्टर, फैक्ट्रियों, दिहाड़ी मजदूरी वालों के लिए परेशानी होगी। -राजकुमार, अध्यक्ष, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ
एक पक्ष यह भी : अनुभव प्रमाण-पत्र के मामले में दोनों पहलू हैं। एक तो आवेदकों के लिए परेशानी होगी, दूसरा यह भी है कि जिन लोगों ने लंबे समय तक पहले सेवा दी हैं उनके लिए कुछ हद तक आसानी रहेगी। वैसे ऐसे लोगों को फायदा भी मिलना चाहिए।। -कोमल यादव, अध्यक्ष, कर्मचारी ट्रेड यूनियन, नगर निगम जयपुर
आपत्ति-जब क्लर्क तक की भर्ती में अनुभव जरूरी नहीं, तो यहां क्यों?
सफाई अनुभव प्रमाण-पत्र जरूरी करने के पीछे का उद्देश्य काफी हद तक शुरुआती चरण में ही योग्य आवेदकों की स्क्रीनिंग करना है। नियम-कायदे उच्च स्तर पर तय होते हैं। अनुभव प्रमाण-पत्र को जरूरी किया गया है। -वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त निदेशक, स्वायत्त शासन