गर्मी बढ़ने के साथ शहरभर में परिंडा बांधो अभियान तेज
जयपुर | िवद्याधर नगर इलाके के पार्कों में श्री श्याम अनमोल परिवार सेवा संस्था द्वारा 151 परिंडे लगाए गए। पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल और रमा बजाज ने परिंडे अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष बसंत जलेवा ने कार्यकारिणी सदस्यों को परिंडों में नियमित पानी भरने का संकल्प दिलाया।
राजस्थान जन मंच व पक्षी चिकित्सालय द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में निशुल्क परिंडे बांटने का अभियान जोरों पर है। परिंडों का वितरण किया जा रहा हैं। संस्था की ओर से अभी तक 9 कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। संस्था अध्यक्ष रमेश गंगवाल व महासचिव कमल लोचन के नेतृत्व में ए.के. ऋषि, निहित रस्तोगी, अशोक बरोतिया, हंसराज आदि ने कानोता बाग व तख्तेशाही रोड आदि स्थानों पर परिंडे बांटे गए। लोचन ने बताया कि राजस्थान जन मंच व पक्षी चिकित्सालय द्वारा 51 अलग-अलग स्थानों पर परिंडे बांटे जाएंगे।
राजस्थान यूथ फाउंडेशन की ओर से रविवार को सेंट्रल पार्क लोगों को परिंडे वितरित किए गए। प्रदेशाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि संगठन की ओर से ‘जिओ और जीनो दो’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के पार्कों में परिंडे लगाने का यह अभियान दो माह तक चलेगा। परिंडे बांधने के साथ उनमें नियमित रूप से पानी भरना भी सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान में फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरजंट धालीवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रताप खुबानी, जयपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन, मधु अग्रवाल समेत कई सदस्यों का सहयोग रहा।