सांगानेर में पेयजल किल्लत, एईएन ऑफिस पर प्रदर्शन
जयपुर | सांगानेर कस्बे के वार्ड 36 से जुड़ी एक दर्जन कॉलोनियों में पेयजल किल्लत से जूझ रहे लोगों का मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा। पीने का पानी नहीं मिलने की दिक्कत झेल रही महिलाएं व लोग कांग्रेस की पर्यावरण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज के नेतृत्व में रैली लेकर जलदाय विभाग के सांगानेर स्थित एईएन दफ्तर पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोग एईएन भंवर सिंह के दफ्तर के बाहर धरना देकर बैठ गए और टेबल पर खाली मटका रख दिया।
सांगानेर की माल की ढाणी, सुनीता कॉलोनी, नारायण विहार सहित एक दर्जन कॉलोनियों में एक महीने से पीने के पानी की दिक्कत है। लोगों ने जलदाय विभाग के चीफ इंजीनियर आईडी खान, अधीक्षण अभियंता आरसी मीना, एक्सईएन सरोज मीना व एईएन भंवर सिंह कृष्णावत को कई बार शिकायत की। पेयजल सप्लाई में सुधार नहीं होने पर लोग कांग्रेस के पर्यावरण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज को साथ लेकर जलदाय विभाग के दफ्तर पहुंच गए और हंगामा किया। एईएन भंवर सिंह ने कुछ टेक्निकल दिक्कत बताते हुए बहाना किया तो लोग बिफर पड़े। महिलाओं ने एईएन का घेराव कर लिया और नारेबाजी करने लगे। लोगों ने दो दिन में पेयजल सप्लाई में सुधार नहीं होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी है। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता आरसी मीना का कहना है कि प्रदर्शन की सूचना नहीं है। कुछ लोग एईएन के पास कम प्रेशर से पानी सप्लाई होने की दिक्कत को लेकर आए थे। एईएन ने शाम को पेयजल सप्लाई की जांच करवा ली है। सुधार कर रहे हैं।
सांगानेर की एक दर्जन कॉलोनियों में पेयजल किल्लत से फूट लोगों का आक्रोश, एईएन दफ्तर पर प्रदर्शन
पानी की किल्लत व दूषित पानी के विरोध में महिलाओं ने पंप हाउस का घेराव किया
जयपुर | आमेर रोड वार्ड 88 की राजीव पुरी, पर्वतपुरी, इंदिरा कॉलोनी, परशुरामपुरी सहित आसपास की कॉलोनियों में पीने की पानी की किल्लत, असमय सप्लाई और दूषित पानी की सप्लाई के विरोध में मंगलवार को क्षेत्र महिलाएं आंदोलन पर उतारू हो गईं। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के नेतृत्व में उन्होंने ब्रह्मपुरी पंप हाउस पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बाद में मौके पर पहुंचे जेईएन को घेरने की कोशिश की, बाद में जेईएन ने जल्द ही समस्याओं के हल का आश्वासन दिया, तब महिलाएं शांत हुईं। समिति की सचिव सुनीता चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में जलदाय विभाग की ओर मनमाने तरीके से असमय सप्लाई कर दी जाती है, कभी दोपहर में 1 बजे पानी आ जाता है तो कभी दो-तीन बजे तक लोग बाट जोहते रहते हैं। पानी का प्रेशर भी कम रहता है और कई दिनों ने पूरे क्षेत्र में बदबूदार दूषित पानी नलों में आ रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा।