डॉ.किरोड़ी ने केसों की दुबारा जांच कराने को 6 परिवाद दिए
जयपुर | राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों में वापस जांच कराने की मांग को लेकर क्राइम ब्रांच की जांच पर सवाल खड़े कर दिए। क्राइम ब्रांच ने जिन मुकदमों में किरोड़ीलाल मीणा के खिलाफ आरोप प्रमाणित मानकर जिला पुलिस को चालान पेश करने के आदेश दिए थे, उन छह मुकदमों में मीणा ने पुलिस मुख्यालय को छह परिवाद भेजकर वापस कुछ बिंदुओं पर जांच करने की मांग की है। दरअसल पुलिस मुख्यालय ने किरोड़ीलाल मीणा के खिलाफ दर्ज छह मुकदमों में आरोप प्रमाणित मान लिए थे और जिला पुलिस को चालान पेश करने के आदेश दिए थे। मीणा पर लोगों को उकसाकर तोड़फोड़ करने व राजकार्य में बाधा डालने सहित कई आरोप है। मीणा के खिलाफ दौसा, अलवर, सवाईमाधोपुर, जीआरपी बांदीकुई व करौली में आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। पुलिस मुख्यालय क्राइम ब्रांच ने पिछले एक साल में उनके खिलाफ दर्ज छह प्रकरणों की जांच की थी और आरोप प्रमाणित माने थे।
अमित शाह से मिले किरोड़ी
राज्यसभा सदस्य डाॅ.किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की, जो 30 मिनट चली। दोनों के बीच प्रदेश में सत्ता और संगठन को लेकर चर्चा हुई। शाह ने कहा कि कर्नाटक चुनावों के बाद वे राजस्थान आएंगे और यहां सत्ता और संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।