पैरामिलिट्री फोर्स की 23 कंपनियां केंद्र को लौटाईं, 7 तैनात रहेंगी
पॉलिटिकल रिपोर्टर. जयपुर | राज्य सरकार ने केंद्र से बुलाई गई पैरामिलिट्री फोर्स की 23 कंपनियां सोमवार को लौटा दी है। हालांकि, एहतियात के तौर सात कंपनियों को अभी 18 अप्रैल तक प्रदेश में रोका गया है। माना यह जा रहा है कि परशुराम जयंती को देखते हुए गृह विभाग ने पुलिस की सलाह पर फोर्स को रोकने का निर्णय किया है।
भारत बंद के दौरान दो अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में भड़की हिंसा के चलते केंद्र सरकार से पैरामिलिट्री फोर्स की 30 कंपनियां बुलाई गई थी। इनमें बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स शामिल थी। हिंसा के विरोध में 10 अप्रैल को भारत बंद और फिर अंबेडकर जयंती के आयोजनों के चलते गृह विभाग ने फोर्स को 16 अप्रैल के लिए रोक लिया था। लेकिन, प्रदेश में ऐसी कोई घटना इस दौरान नहीं हुई। इसलिए, अब फोर्स को भेज दिया गया है।