पैकेज के लिए कंपनी को तय निवेश सीमा से दी छूट
जयपुर | भीलवाड़ा की कॉटन यार्न बनाने वाली कंपनी नितिन स्पिनर्स को कस्टमाइज पैकेज देने के लिए सरकार ने निवेश की तय सीमा में छूट दी है। वित्त विभाग ने इसके लिए कंपनी को पूर्व में जारी किए गए कस्टमाइज पैकेज में संशोधन के आदेश सोमवार को जारी कर दिए। कंपनी को अप्रेल 2016 में 275 करोड़ रुपए के निवेश की एवज में सरकार ने कस्टमाइज पैकेज जारी किया था। इसमें कंपनी को 5 प्रतिशत इंट्रेस्ट सब्सिडी और एक प्रतिशत अतिरिक्त इंट्रेस्ट सब्सिडी, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी में 10 साल तक के लिए 50 प्रतिशत तक की छूट, कैपिटल गुड्स की एंट्री टैक्स पर 75 प्रतिशत तक की छूट दी गई। अब कंपनी के निवेश सीमा को घटाकर 241.93 करोड़ रुपए कर दिया गया है। इस निवेश की सीमा पर ही कंपनी को कस्टमाइज पैकेज मिलेगा।