शनि देव का किया पंचामृत अभिषेक, चढ़ाया तिल-तेल
ज्येष्ठ प्रथम, कृष्ण पक्ष अमावस्या मंगलवार को भगवान शनि देव की जयंती मनाई गई। शहर के शनि मंदिरों में उत्सव मनाया गया, भक्तों ने आराध्य शनि देव के तेल, तिल, काले वस्त्र व लोहे का दान किया। शनि भगवान को खुश करने के लिए पाठ किए।
सुबह मंदिरों में शनि देव का पंचामृत अभिषेक हुआ, उसके बाद सरसो का तेल अभिषेक हुआ। शनि जयंती पर भक्ति संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कई नामी गायकों ने प्रस्तुति दी। शहर के एमआई रोड आकाशवाणी के पास स्थित शनि मंदिर, डाकोतान मोहल्ला स्थित शनि मंदिर, बगरू वालों का रास्ता के शनि मंदिर, खेजड़ों का रास्ता के शनि मंदिर, सिंधी कैंप के सामने शनि मंदिर, जेएलएन मार्ग, जगतपुरा, खातीपुरा रोड व अंबाबाड़ी स्थित शनि मंदिर तथा गोपालपुरा बाईपास त्रिवेणी नगर चौराहा स्थित शनि मंदिर को फूलों से सजाया गया और विशेष झांकी सजी। उधर, मॉडल टाउन के प्रेम नगर के शनि मंदिर में सुबह तेल अभिषेक किया गया, इसके बाद दिन भर शनि चालीसा, भजन कीर्तन, बजरंग बाण, हनुमान चालीसा व सुंदरकांड के पाठ हुए। मंदिर में फूलों से झांकी सजाई गई, शाम को महाआरती के बाद भक्तों को प्रसाद बांटा गया।
भक्ति संध्या का आयोजन, महाआरती हुई